Noida News : उत्तर भारत के पहले सेमीकंडक्टर यूनिट का प्रधानमंत्री ने वर्चुअल किया शिलान्यास

Feb 21, 2026 - 19:05
Noida News : उत्तर भारत के पहले सेमीकंडक्टर यूनिट का प्रधानमंत्री ने वर्चुअल किया शिलान्यास
उत्तर भारत के पहले सेमीकंडक्टर यूनिट का प्रधानमंत्री ने वर्चुअल किया शिलान्यास

Noida News : उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र मे शनिवार को उत्तर भारत की पहले सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास हुआ। इसका शिलान्यास भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, जितिन प्रसाद गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, उत्तर प्रदेश के कई मंत्री, विधायक और सांसद और हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर बोलते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैने लाल किले से कहा है कि भारत के पास रुकने का, थमने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि साल 2026 की शुरुआत से ही भारत ने अपनी कदमताल और तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि 12 जनवरी को विकसित भारत यंग लीडर मिशन से देश के लाखों युवा जुड़े। 16 जनवरी को नेशनल स्टार्टअप डे मनाया। भारत के स्टार्टअप क्रांति को नई ऊर्जा दी। जनवरी माह मे हुई इंडिया एनर्जी समिट मे भारत ने अपने सामर्थ्य से दुनिया का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि उसके बाद विकसित भारत को नई गति देने वाला बजट आया। यह सप्ताह भी भारत के लिए ऐतिहासिक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल आई इंपैक्ट समिट में दुनिया के अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष,टेक्नोलॉजी जगत की दिग्गज सभी दिल्ली में जुटे थे। इस समिट में दुनिया के भारत के एआई सामर्थ्य को देखा, हमारे विजन को समझा और सराहा। उन्होंने कहा कि कल ही एआई समिट समाप्त हुई है, और हम आज भारत के सेमी कंडक्टर इकोसिस्टम से जुड़े इतने बड़े कार्यक्रम का हिस्सा बन रहे हैं।

 उन्होंने कहा कि आधुनिक विश्व को चलाने के लिए जिस प्रोसेसिंग पावर की जरूरत है उसमें भी भारत अब दुनिया के टॉप देश में शामिल होने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों पहलुओं पर एक साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी के लिए यह गर्व की बात है की उत्तर प्रदेश भी भारत के सेमीकंडक्टर यूको सिस्टम का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि एचसीएल और फॉक्सकोन की टीम टेक्नोलॉजी पावर हाउस के रूप में यूपी को नई पहचान प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सांसद के रूप में भी मेरे लिए यह गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि इस फैक्ट्री की वजह से उत्तर प्रदेश और देश के युवाओ को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा।

 उन्होंने कहा कि जहां पर सेमीकंडक्टर यूनिट आता है वहां पर डिजाइंस आते हैं, रिसर्च सेंटर आते हैं, स्टार्टअप इकोसिस्टम बनता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस दशक में भारत टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में जो कुछ कर रहा है वह 21वीं सदी के हमारे सामर्थ्य का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत में सशक्त सेमीकंडक्टर का विकास भी इसका एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर के सेक्टर में भारत ने अपना सफर भले ही देरी से शुरू किया है लेकिन आज हम बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 20 वीं सदी में जिस देश के पास तेल था वहां पर समृद्ध और सामर्थ्य था। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में यही सामर्थ्य छोटी सी चीप के पास है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान हमने देखा है की छोटी सी चीप की सप्लाई चेन कितनी कमजोर रही। उस दौरान चीप की सप्लाई रूकने से दुनिया में फैक्ट्रियां रुक गई। अर्थव्यवस्था चरमरा गई। भारत ने उस संकट से भी सीखा और उसे अवसर में बदलने का प्रयास शुरू किया।

 हमने तय किया कि भारत को चीप मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी होगा जब भारत आत्मनिर्भर होगा। उन्होंने कहा कि जब भारत की चीप मेक इन इंडिया होगी तो हमें आधुनिक साज्जो- सामान की मैन्युफैक्चरिंग के लिए दूसरों की तरफ नहीं देखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, एआई, 5 जी, 6 जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल, डिफेंस आज जरूरत के हर सामान की आत्मा सेमीकंडक्टर है। उन्होंने कहा जब हमारे पास अपनी चीप होगी तो हर सेक्टर में भारत की गति बिना रूके जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आज फॉक्सकोन जैसी बड़ी कंपनियों का भारत आना और यहां की इंडस्ट्री में सहयोग करना एक वैश्विक संदेश है कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश दुनिया का एक भरोसेमंद पार्टनर है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर और बैटरी निर्माण के लिए भारत आत्मनिर्भरता के लिए बड़े कदम उठा रहा है।

इस अवसर पर बोलते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के बहूयामी विजन के चलते उत्तर प्रदेश विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को एक टेक्नोलॉजी हब के रूप मे स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री ने भारत के भविष्य को उज्जवल बनाने और मानवता के जीवन को और सरल और सुगम बनाने की दिशा में विजन दिया है। उन्होंने कहा कि यह वही क्षेत्र है जहां पिछली सरकारों के समय में इस क्षेत्र में गोलियां चलती थी, अपहरण होते थे, अराजक व्यवस्था का आलम था, इतना डर था कि लोग सूर्यास्त होने के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे, और आज जेवर का यह क्षेत्र न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि भारत का जेवर बनकर उभर रहा है। उन्होने कहा कि आज यहां प्रदेश का प्रथम सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित होने से इस क्षेत्र की नई पहचान होगी। उन्होंने कहा कि सभी के सकारात्मक प्रयास की वजह से यह क्षेत्र न सिर्फ मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग बल्कि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट के बड़े मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी विभिन्न योजनाओं से उत्तर प्रदेश में भारी निवेश हो रहा है तथा यूपी देश के अग्रणी राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है। जनसभा को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा और जेवर की विधायक धीरेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह के निवास पर भी पहुंचे।

  सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में वर्ष 2026 ऐतिहासिक साल साबित होने जा रहा है। केंद्र सरकार दस परियोजनाओं को मंजूरी दे चुकी है, जिनमें से कई पर काम तेजी से चल रहा है। कुछ संयंत्रों में इस वर्ष चिप निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। गौतमबुद्ध नगर सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में ऊंची उड़ान भरने को तैयार है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत गौतमबुद्ध नगर की यमुना सिटी में उत्तर भारत के पहले सेमीकंडक्टर संयंत्र की नींव आज रखी गई।

आत्मनिर्भर भारत के तहत यमुना सिटी (यीडा क्षेत्र) उत्तर भारत के पहले सेमीकंडक्टर संयंत्र की नींव रखी गई। यह परियोजना रोजगार, निवेश और अत्याधुनिक तकनीक के नए आयाम खोलेगी। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-28 में उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद उत्तर भारत की पहली इकाई स्थापित होने जा रही है।

एचसीएल और फॉक्सकोन के संयुक्त उपक्रम मैसर्स इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड को मई 2025 में देश की छठी सेमीकंडक्टर यूनिट के रूप में मंजूरी दी गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले 18 जनवरी को कंपनी को 48 एकड़ भूमि का आवंटन पत्र सौंपा था।कंपनी इस क्षेत्र में 3706.15 करोड़ का निवेश करेगी और 2,40,000 यूनिट स्मॉल पैनल ड्राइवर आईसी, डिस्प्ले इंटीग्रेटेड सर्किट का निर्माण करेगी। इसके लिए रोजाना 19 हजार केवीए बिजली की जरूरत पड़ेगी और करीब 2000 एमएलडी पानी रोजाना इस्तेमाल होगा।

यमुना सिटी में भारत की पहली डिस्प्ले ड्राइवर इंटीग्रेटेड सर्किट (डीडीआईसी) और ओसैट (आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्टिंग) सुविधा से लैस सेमीकंडटर यूनिट लगाई जा रही है। डीडीआईसी एक खास प्रकार की चिप होती है जो मोबाइल, टीवी या कंप्यूटर की स्क्रीन को चलाने का काम करती है। यानी स्क्रीन पर तस्वीरें और वीडियो दिखाई देते हैं, उन्हें सही तरीके से दिखाने में यह चिप मदद करती है।वहीं, ओसैट का मतलब है चिप को जोड़ना, टेस्टिंग और उन्हें उपयोग के लिए तैयार करना। ऐसे में इस सुविधा से यमुना सिटी में ही चिप की उन्नत पैकेजिंग, संयोजन और परीक्षण किया जाएगा।

परियोजना के तहत उत्कृष्टता केंद्र, उन्नत अनुसंधान केंद्र और अत्याधुनिक सिमुलेशन प्रयोगशालाओं की स्थापना की जाएगी, जो सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार को गति देगी। इन संस्थानों में चिप डिजाइन, पैकेजिंग तकनीक, परीक्षण मानक और विश्वसनीयता विश्लेषण पर विशेष कार्य होगा। स्थानीय विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के सहयोग से छात्रों और युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।