Ghaziabad News : घर में मिला महिला का लहूलुहान अवस्था में शव, पति पर हत्या का आरोप

Feb 16, 2026 - 20:14
Ghaziabad News : घर में मिला महिला का लहूलुहान अवस्था में शव, पति पर हत्या का आरोप
घर में मिला महिला का लहूलुहान अवस्था में शव

Ghaziabad News : गाजियाबाद के खोड़ा थानाक्षेत्र के नवनीत विहार स्थित एक मकान में चार माह की गर्भवती महिला का खून से लथपथ शव मिला है। पड़ोसियों ने शव को देखकर पुलिस को बुलाया। मृतका की शिनाख्त बिहार प्रांत के नालंदा जनपद की मूल निवासी चांदनी देवी (22) के तौर पर हुई है। वह कुछ दिन पहले ही अपने पति विपिन केवट और डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ खोड़ा कालोनी में रहने आई थी।

सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बीती रात को नवनीत विहार निवासी एक व्यक्ति ने डायल- 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी थी एक मकान में एक महिला का लहूलुहान शव पड़ा है। उन्होंने बताया कि मौके पर जब पुलिस पहुंची तब शिकायतकर्ता ने बताया कि देर रात विपिन केवट अपना कमरा खुला छोड़कर घर से कहीं चला गया था। 

काफी देर तक उसके नही लौटने पर और कमरे से बच्ची की रोने की आवाज आने पर वह घर में पहुंचे। कुंडी खुली हुई थी। दरवाजा खोलते ही जमीन पर चांदनी देवी का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। वहीं पर उसकी बच्ची भी बैठी थी। 

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतका के परिजनों का पता लगाया। मृतका चांदनी के पिता सुनील केवट ने अपने दामाद पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का सही कारण पता चल पाएगा। दहेज हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बच्ची को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।