Jewar News : कैब बुक करके चार बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट कर की लूटपाट
Jewar News : चार अज्ञात बदमाशों ने एक कैब बुक कर दिल्ली के द्वारका से जेवर की तरफ लेकर आए। वहां पर उन्होंने मारपीट करके कैब चालक से 5 हजार रुपए नगद, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राकेश कुमार पुत्र प्रभु दयाल ने बताया कि वह कैब चलाते हैं। पीड़ित के अनुसार 19 फरवरी की रात 2 बजे के करीब रैपीडो एप के माध्यम से कुछ लोगों ने उसकी अर्टिगा कार को दिल्ली के द्वारका मेट्रो स्टेशन से जेवर के लिए बुक करवाया। पीड़ित के अनुसार चार लोगों उसकी कार में सवारी के रूप में बैठ गए। ये लोगों उसे दिल्ली से जेवर की तरफ लेकर आए।
जेवर टोल प्लाजा से कुछ दूर पहले इन्होंने ड्राइवर को अपनी सीट से हटने के लिए कहा तो उसने विरोध किया। इसके बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट की। उन्होंने उसके सिर और मुंह पर भारी वस्तु से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसके पास रखे हुए 5,000 नगद, मोबाइल फोन आदि लूट लिया तथा उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार उसने घटना की शिकायत पुलिस से की है। थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच मे दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने की बात की पुष्टि हुई है।

