Dadri News : पुरानी रंजिश के चलते बारात चढ़त के समय खूनी हमला, आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल

Jan 23, 2026 - 22:26
Dadri News : पुरानी रंजिश के चलते बारात चढ़त के समय खूनी हमला, आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल
Symbolic Image

Dadri News : पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार की रात को बारात चढ़त के समय दर्जन भर लोगों ने शुक्रवार की रात को बारातियों के ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मारपीट में घायल बाराती जगनपुर गांव के रहने वाले हैं। जगनपुर गांव के ही लोगों पर दादरी क्षेत्र मे आकर लाठी डंडे और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगा है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार ने बताया कि दनकौर थाना क्षेत्र के जगनपुर गांव से दादरी थाना क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में बारात आई थी। बारात में देशराज सिंह अपने पूरे परिवार के साथ आए थे। बारात चढ़त से पहले मिलाई की जा रही थी। इस दौरान कई गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस बीच बारात में अफरातफरी का माहौल हो गया। हमलावरों ने देशराज, उनके बेटे देवेंद्र, वीरेंद्र, राजेंद्र और भतीजे श्रीनिवास और अन्य लोगों पर जानलेवा हमला किया। बताया जा रहा है कि गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। मारपीट में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। एडीसीपी ने बताया कि दोनों पक्ष जगनपुर गांव के रहने वाले हैं। पुरानी रंजिश को लेकर बारात में झगड़ा हुआ। मारपीट में कई लोग घायल हुए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जगनपुर गांव में दोनों पक्षों के बीच करीब तीन महीने पहले भी झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से इनके बीच रंजिश चली आ रही है। शुक्रवार रात को बारात में झगड़े के बाद मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि यह अफवाह फैल गई थी की बारात में गोली चली है। जांच में यह बात झूठी पाई गई।