Ghaziabad News : भाजपा नेता के घर में लगी आग, पेट्रोलियम पदार्थ फेंककर आग लगाने का आरोप

Feb 13, 2026 - 10:36
Ghaziabad News : भाजपा नेता के घर में लगी आग, पेट्रोलियम पदार्थ फेंककर आग लगाने का आरोप
भाजपा नेता के घर में लगी आग, पेट्रोलियम पदार्थ फेंककर आग लगाने का आरोप

Ghaziabad News : भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी के घर पर बृहस्पतिवार की देर रात अचानक आग लग गई। घटना के वक्त शालीमार गार्डन के डीएलएफ कॉलोनी स्थित घर पर मानसिंह व उनका परिवार मौजूद था। वे भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, भाजपा नेता ने घर पर पेट्रोलियम पदार्थ फेंककर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

भाजपा नेता ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह परिवार के साथ सो रहे थे। अचानक तेज धमाकों की आवाज आई। जब तक कमरे से निकलकर बाहर पहुंचे, तब तक घर का बाहरी हिस्सा धुआं और आग की लपटों से घिर चुका था। परिवार वालों ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटों से घिरा होने की वजह से मुख्य दरवाजा खुल ही नहीं पाया। इसके बाद पड़ोसी के छज्जे पर कूदकर परिवार वालों को बाहर निकाला तब जाकर जान बची।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां जिस समय डीएलएफ कॉलोनी पहुंची, उस समय गली में बहुत सी गाड़ियां खड़ी थीं। इस वजह से दमकल वाहन भाजपा नेता के घर तक नहीं पहुंच सके। गनीमत रही कि आग घर के अंदर नहीं फैली और लोगों के प्रयास से ही बुझा दी गई।

भाजपा नेता ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके भाई की चार-पांच लोगों से कहासुनी और हाथापाई हो गई थी। आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने ही जानबूझकर आग लगाई है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। संदिग्ध मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।