Ghaziabad News : पुलिस मुठभेड़ में एक-एक लाख रुपए के इनामी दो बदमाश ढेर, एटीएम कैश वैन लूट मामले में थे वांछित

May 12, 2026 - 23:14
May 12, 2026 - 23:23
Ghaziabad News : पुलिस मुठभेड़ में एक-एक लाख रुपए के इनामी दो बदमाश ढेर, एटीएम कैश वैन लूट मामले में थे वांछित
पुलिस मुठभेड़ में एक-एक लाख रुपए के इनामी दो बदमाश ढेर, एटीएम कैश वैन लूट मामले में थे वांछित

Ghaziabad News : थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में बीते 6 मई को एटीएम मशीन में पैसा डालने वाली कैश वैन से 27 लाख रुपए लूटने के मामले में फरार चल रहे एक-एक लाख रुपए के ईनामी दो बदमाशों की मंगलवार की देर रात को गाजियाबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दोनों बदमाशों को लगी। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया है।

 अपर पुलिस आयुक्त राजकरण नैयर ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस को सूचना मिली कि एटीएम कैश वैन लूट के मामले में वांछित बदमाश वेब सिटी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर स्वाट टीम प्रभारी, वेव सिटी थाना पुलिस और अन्य टीमों ने बदमाशों की तलाश में बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद दो बदमाश कार पर सवार होकर आते हुए दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बदमाश रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाकर भागने लगे।

 

उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली जुबेर और समीर नामक दो बदमाशों को लगी। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, वहां पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने लूटी हुई नगदी, अवैध हथियार आदि बरामद किया है। इनके दो साथियों को कल गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मुठभेड़ मैं दो पुलिस कर्मी भी घायल हो गए है।