Ghaziabad News : हैवानियत की हद: धारदार हथियार से हमला कर पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट

Aug 22, 2026 - 12:52
Ghaziabad News : हैवानियत की हद: धारदार हथियार से हमला कर पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट
मृतका मां बेटी की फोटो और घर के बाहर जुटी भीड़

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना खोड़ा क्षेत्र के लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में आज तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रहना वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी, जबकि 14 वर्षीय दूसरी बेटी इस घटना में गंभीर रूप से घायल है। इस घटना के चलते क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच जुट गई है, आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ शुरू कर दी है।

इंदिरापुरम क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्य बली मौर्य ने बताया कि जांच में सामने आया कि मूल रूप से अररिया, बिहार निवासी राजा अंसारी लोकप्रिय बिहार में स्थित एक मकान के चौथी मंजिल पर अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम और दो बेटियों सना तबस्सुम (15) व रूबी तबस्सुम (14) के साथ रहता था। किसी बात को लेकर उसकी अपनी पत्नी और बच्चों से विवाद हुआ। उसने धारदार हथियार से हमला कर अपनी पत्नी और दो बेटियों को घायल कर दिया। उनके अनुसार इस वारदात में बीबी तबस्सुम और उनकी बेटी सना तबस्सुम की मौत हो गई, जबकि रूबी तबस्सुम घायल है। उसकी उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

 एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया है और उससे घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने फरसा और चाकू से हमला कर उक्त घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भागा नहीं। वह अपने घर के बाहर बैठा रहा। उन्होंने बताया कि वह गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुंशी का काम करता है। उसने शुरुआती पूछताछ में आर्थिक तंगी की वजह से तनाव में आकर यह कदम उठाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) से भी जूझ रहा था।