Noida News : थाना सेक्टर 24 में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दहेज में 25 लाख रुपया नगद और ऑडी कार ना देने पर उसके ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार करने का प्रयास किया तथा उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या का भी प्रयास किया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Noida News :
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि मोरना गांव में रहने वाली एक युवती ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 15 मई वर्ष 2022 को उसकी शादी ललित कुमार पुत्र उदय चंद भाटी निवासी ग्राम याकूबपुर के साथ हुई थी। पीड़िता के अनुसार उसके मायके वालों ने शादी में फॉर्च्यूनर कार, 21 लाख रुपए नगद और शादी के अन्य कार्यक्रम में करीब सवा करोड़ रुपए खर्च किया था। पीड़ित के अनुसार ससुराल पक्ष के लोग दान दहेज को लेकर संतुष्ट नहीं थे। जब वह ससुराल आई तो उन्होंने उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग ऑडी कार वह 21 लाख रुपए की मांग करने लगे। जब उसने अपने ससुराल पक्ष से अपने मायके से दहेज लाने से मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई, तथा चुन्नी से गला घोटकर हत्या का प्रयास किया गया। पीड़िता के अनुसार उसके पति ने उसके अतरंग समय की वीडियो बना रखी है। जिसे वह वायरल करने की धमकी देता है। महिला के अनुसार 29 अगस्त 2024 की शाम को उसका पति घर से बाहर गया था। जब वह काफी देर तक नहीं आया तो उसने फोन करके उसे घर आने के लिए कहा। इस बात से आक्रोशित उसका पति रात 12:30 बजे घर आया। वह उसके साथ मारपीट करने लगा। पीड़िता के अनुसार उसके पति ने उसके साथ जबरदस्ती अप्राकृतिक संबंध बनाने का प्रयास किया। मना करने पर जबरदस्ती निर्वस्त्र कर उसके साथ उसकी बिना सहमति के शारीरिक संबंध बनाया तथा उसे निर्वस्त्र अवस्था में ही बुरी तरह से मारा पीटा। महिला के अनुसार वह जान बचाने के लिए अपना मोबाइल फोन लेकर बाथरूम में चली गई, तथा उसने डायल -112 पर फोन किया। महिला के अनुसार पुलिस मौके पर आई तथा उसे थाना फेस दो में ले गई। थाना फेस-दो पुलिस पर भी महिला ने आरोप लगाया है कि वहां तैनात कर्मचारियों ने उसकी रिपोर्ट दर्ज करने की बजाय अपने हिसाब से एप्लीकेशन लिखवाया और उसका मेडिकल करवाया। महिला का आरोप है कि उसका पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे धमकी देते हैं कि अगर तुमने थाने में मुकदमा दर्ज करवाया तो तुम्हें और तुम्हारे पूरे परिवार के लोगों को झूठे मुकदमे में फंसवा देंगे। महिला के अनुसार इस मामले की मध्यस्थता एफडीआरसी सेक्टर 108 में हुई लेकिन उसका कोई निष्कर्ष नहीं निकला। उन्होंने बताया कि महिला ने पुलिस आयुक्त से इस मामले में शिकायत की थी। पुलिस आयुक्त के आदेश पर थाना सेक्टर 24 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।