Noida News : ब्राह्मणों पर कथित विवादित बयान: सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के खिलाफ नोएडा में भी मुकदमा दर्ज
Noida News : ब्राह्मणों पर कथित विवादित बयान देने के आरोप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इस विवाद को लेकर राजकुमार भाटी के खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर 24 में भी एफआईआर दर्ज की गई है।
थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि सेक्टर-53 स्थित गिझौड़ गांव निवासी सुशील पंडित ने जातिगत टिप्पणी करने, लोक शांतिभंग करने और आईटी ऐक्ट के तहत सेक्टर-24 थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। शिकायतकर्ता और समाज के अन्य लोगों ने कहा कि राजकुमार भाटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पांच मई का बताया जा रहा है। राजकुमार भाटी ने पांच मई को दिल्ली के जवाहर भवन में 'जाति और साम्प्रदायिकता के विषाणु' नाम की एक पुस्तक के लोकार्पण कार्यक्रम में भाषण दिया था।
इसी दौरान उन पर ब्राह्मणों पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले में दादरी के ब्रह्मपुरी में कल ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें सपा नेता के बयान पर आक्रोश व्यक्त किया गया था। साथ ही शुक्रवार को शाम चार बजे भगवान परशुराम धर्मशाला में महापंचायत बुलाने का फैसला लिया गया।
ब्राह्मण नेता सुशील पंडित ने कहा कि समाज को बांटने और एक वर्ग विशेष को अपमानित करने वाली राजनीति ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। इससे समाज के लोगों में आक्रोष है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि मंगलवार को विवाद बढ़ने पर राजकुमार भाटी द्वारा समाज के लोगों से माफी भी मांगी जा चुकी है, लेकिन गाजियाबाद के बाद नोएडा में दर्ज हुई एफआईआर से विवाद अभी थमने वाला नहीं दिख रहा है।
मंगलवार को गाजियाबाद जनपद के कविनगर थाने मे भी राजकुमार भाटी के खिलाफ केस दर्ज किया था। राजनगर सेक्टर-दस में रहने वाले भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि सपा के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ अमर्यादित और अशोभनीय टिप्पणी की थी।

