Noida News : समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष पद को लेकर घमासान, आधा दर्जन नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा खुला पत्र

Nov 12, 2026 - 14:52
Noida News : समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष पद को लेकर घमासान, आधा दर्जन नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा खुला पत्र

Noida News : उत्तर प्रदेश की प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के नोएडा महानगर अध्यक्ष पद को लेकर घमासान शुरू हो गई है। करीब आधा दर्जन नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ नेताओं को पत्र लिखकर सपा महानगर अध्यक्ष के खिलाफ खुलेआम बगावत करते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। कुछ नेताओं ने महानगर अध्यक्ष पद की दावेदारी की है। जिसमें अल्पसंख्यक और यादव वैश्य पंजाबी उत्तराखण्डी वर्ग के नेता शामिल हैं।

समाजवादी पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी के प्रदेश स्तर के एक नेता और अल्पसंख्यक समाज से आने वाले प्रबुद्ध व्यक्ति ने महानगर अध्यक्ष के खिलाफ खुला पत्र लिखते हुए मांग किया है कि उन्हें पद से हटकर उनको महानगर अध्यक्ष बनाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया है कि आश्रय गुप्ता मुस्लिम समाज के प्रति व्यक्तिगत भेदभाव रखते हैं। नोएडा शहर में लगभग एक लाख से ज्यादा मुस्लिम मतदाता है। इतनी बड़ी आबादी के बावजूद महानगर अध्यक्ष द्वारा मुस्लिम समाज को पार्टी से जोड़ने के बजाय लगातार उपेक्षित किया जा रहा है। उनका कहना है कि जब उन्होंने मुस्लिम समाज को पार्टी से जोड़ने के लिए कहा तो वह उनके विरुद्ध लगातार व्यक्तिगत इर्ष्या दर्शा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि महानगर अध्यक्ष लगातार अनुशासनहीनता कर रहे हैं। जब पूर्व में दीपक विग महानगर अध्यक्ष थे तो आश्रय गुप्ता किसी भी पार्टी के कार्यक्रम में शामिल नहीं होते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि इनका अहंकार इतना है कि वह अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए मर्यादाहीन भाषा प्रयोग कर सीधे संबोधित करते हैं।

  सपा सूत्रों ने बताया कि समाजवादी छात्र सभा के एक राष्ट्रीय स्तर के नेता ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर महानगर अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि वह ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को दरकिनार कर रहे हैं। वह सपा के नोएडा छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने मांग की है कि उन्हें महानगर अध्यक्ष बनाया जाए। उन्होंने नोएडा की कच्ची कॉलोनी और सोसाइटियों में अपनी उपस्थिति को दर्शाते हुए इस पद की मांग की है। उन्होंने दावा किया है कि अगर उन्हें महानगर अध्यक्ष बनाया गया तो वह समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को आगामी विधानसभा चुनाव में भारी मत दिलवाएंगे।

 सपा सूत्रों के अनुसार वैश्य समाज से संबंध रखने वाले उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी के एक सदस्य ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रांतीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर महानगर अध्यक्ष पद की दावेदारी ठोकी है। उन्होंने दावा किया है कि वह कई वर्षों से समाज सेवा और समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। उनके अनुसार अगर उन्हें महानगर अध्यक्ष बनाया गया तो आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार को बहुमत से जीत दिलवाएंगे। उन्होंने पत्र में लिखा है कि नोएडा में वैश्य समाज, पंजाबी खत्री समाज, उत्तराखंडी समाज, पंजाबी सिख समाज, कायस्थ समाज की एक बहुत बड़ी संख्या है। यह समाज शहर के विकास और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में रीढ की हड्डी की तरह है। परंतु महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता द्वारा जानबूझकर इन सभी समाजों के समर्पित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को दरकिनार किया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंजाबी वर्ग से आने वाले सपा के एक पैनलिस्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखकर कहा है कि वर्तमान महानगर अध्यक्ष को पार्टी से हटाया जाए तथा उन्हें पार्टी का महानगर अध्यक्ष बनाया जाए। उन्होंने दावा किया है कि वह वर्ष 2015 से समाजवादी पार्टी के विभिन्न पदों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया है कि वह पंजाबी समाज के उत्थान के लिए सामाजिक संगठन चलाते हैं। जिसके माध्यम से वह लोगों की लगातार सेवा कर रहे हैं।इसके अलावा यादव समाज से आने वाले एक पूर्व अध्यक्ष, एक महासचिव और एक युवा यादव नेता तथा एक मीडिया प्रभारी भी एक नोएडा से चुनाव लड़ चुके सपा नेता के दम पर अध्यक्ष पद के दावेदार हैं।