Dadri News : बीमारी से तंग होमगार्ड ने गंग नहर में छलांग लगाकर किया आत्महत्या का प्रयास
Dadri News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के थाना दादरी क्षेत्र के कोट गांव के पास गंग नहर में एक होमगार्ड ने बुधवार की शाम को आत्महत्या करने की नीयत से छलांग लगा दी। वहां मौजूद लोगों ने उसको डूबते हुए देखा और बाहर निकाला। होमगार्ड ने पुलिस को बताया कि वह स्वास्थ्य समस्या से परेशान था, इसलिए वह नहर में कूदा था। आमका गांव का रहने वाला डेविड करीब दस वर्ष पूर्व होमगार्ड में भर्ती हुआ है। डेविड की तैनाती फिलहाल जनपद के जिला प्रशासन के कार्यालय में चल रही है। डेविड के स्वास्थ्य संबंधी दो ऑपरेशन हो चुके हैं। बुधवार शाम को डेविड ने कोट गांव के पुल से गंग नहर में छलांग लगा दी। कुछ दूर बहने के बाद डेविड डूबने लगा। इसी दौरान गंग नहर में नहा रहे युवकों ने डेविड को पानी से बाहर निकाला।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि डेविड ने आत्महत्या के लिए गंग नहर में छलांग लगाई थी। होमगार्ड स्वास्थ्य संबंधी समस्या को लेकर परेशान चल रहा था। पुलिस द्वारा होमगार्ड को समझाया गया है। उन्होंने बताया कि उसके परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द किया गया है।

