Noida News : नाले में गिरकर बुजुर्ग की मौत
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के थाना फेस- तीन क्षेत्र के मामूरा गांव में बुधवार शाम को लघुशंका कर रहे बुजुर्ग की नाले में गिरकर मौत हो गई। शाम के समय सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
Police Station Phase 3 Noida News : थाना फेस -3 के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि बुधवार शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में गली नंबर-7 के निकट नाले में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। नाले की गहराई और चौड़ाई बेहद कम थी और उसमें पानी भी बहुत कम था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह लघुशंका के लिए नाले के किनारे खड़े थे और संतुलन बिगड़ने के चलते नाले में गिरे और फंस गए। उम्र अधिक होने के चलते एक ही अवस्था में पड़े रहने के चलते उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मूलरूप से जिला मेरठ के उखलीना गांव निवासी 70 वर्षीय रुमाल सिंह के रूप में हुई। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पिछले कई वर्षों से परिवार के साथ मामूरा गांव में रहते थे।थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं हैं। परिजनों ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि मृतक ने मादक पदार्थ का सेवन कर रखा था।

