Ghaziabad News : ससुराल आए युवक का शव पेड़ की डाल से लटका मिला
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र में ससुराल मे आए एक युवक का शव जंगल में पेड़ की डाल से लटका हुआ मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले मोबाइल फोन के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम को भोजपुर के गांव कलछीना स्थित जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए, लेकिन शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी।जांच के दौरान पुलिस को युवक की जेब से मोबाइल फोन मिला। मोबाइल के जरिए उसकी पहचान 26 वर्षीय अरमान के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, अरमान हरियाणा का रहने वाला था। करीब दो वर्ष पहले उसका निकाह कलछीना स्थित मैढ़या निवासी एक युवती से हुआ था।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अरमान पिछले तीन दिनों से अपनी ससुराल में रह रहा था। बुधवार को वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। इसके बाद शाम को उसका शव जंगल में पेड़ से लटका मिला।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

