Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को यूपी के सीएम ने दी सौगात, पहली फ्लाइट में लखनऊ की यात्रा

Jun 15, 2026 - 12:51
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को यूपी के सीएम ने दी सौगात, पहली फ्लाइट में लखनऊ की यात्रा

Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को योगी सरकार ने आज एक बड़ा तोहफा दिया है। आज जेवर एयरपोर्ट से शुरू होने वाली पहली फ्लाइट में 170 किसानों को बैठाकर लखनऊ ले जाया गया। जहां सीएम योगी के साथ उनका संवाद किया। नोएडा एयरपोर्ट से आज सोमवार 15 जून को उड़ानें शुरू हो गई है।

तय समय सारिणी के मुताबिक लखनऊ से पहली फ्लाइट सुबह 8.05 बजे पर नोएडा एयरपोर्ट पहुंची, इसके बाद यहीं फ्लाइट 8.35 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हुई। इसे केंद्रीय उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इंडिगो की एक फ्लाइट भी सुबह नौ बजे लखनऊ के लिए उड़ान भरी। इस 180 सीटर फ्लाइट का समय निर्धारण जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की सिफारिश पर किया गया। इस फ्लाइट में एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को लखनऊ ले जाया गया।

जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए नोएडा के कई किसानों ने अपनी हजारों एकड़ जमीन का योगदान दिया था। किसानों द्वारा जमीन दिए जाने के बाद ही जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनकर तैयार हो सका। उन्होंने कहा कि सीएम योगी इसके लिए किसानों को पहले ही धन्यवाद दे चुके हैं। सरकार और प्रशासन का मानना है कि बिना किसानों के सहयोग के यह परियोजना संभव नहीं हो पाती। यही कारण है कि एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को सम्मान देने के लिए पहली फ्लाइट से उन्हें लखनऊ ले जाया गया।