Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से शुरू होगी हवाई यात्रा नोएडा

May 1, 2026 - 17:34
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से शुरू होगी हवाई यात्रा नोएडा

Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से15 जून से हवाई सफर शुरू होने जा रहा है। दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत की यात्रियों को नोएडा एयरपोर्ट से यात्री सुविधाओं के अलावा कार्गो की सुविधा उपलब्ध हो सकेंगी। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने आज बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून को पहली उड़ान इंडिगो एयरलाइंस की होगी। उड़ान कहां के लिए होगी और किस समय होगी इसको लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइन जल्द ही घोषणा करेंगी।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इसके बाद जल्द ही यहां से घरेलू और कार्गो सेवाओं के शुरू होने के कयास लगाए जा रहे थे। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से हवाई अड्डा सुरक्षा कार्यक्रम (एएसपी) की मंजूरी मिलने के बाद यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 15 जून से उड़ानों के संचालन की घोषणा की है।

यापल के अधिकारियों ने बताया कि वाणिज्यिक सेवाओं के शुभारंभ से पहले हवाई अड्डे का सुरक्षा ढांचा, प्रणालियां और संचालन प्रक्रियाएं नियामक आवश्यकताओं के अनुरूप पूरी कर ली गई हैं। इंडिगो एयरलाइंस नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान संचालित करेगी। जिसके बाद जल्द ही अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी उड़ान भरेंगी। एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए शुरू होने वाली उड़ानों की समय सारणी, गंतव्यों और यात्री सेवाओं के बारे में जल्द यात्रियों को जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट आधुनिक टर्मिनल, बुनियादी ढांचा, कुशल संचालन और मजबूत मल्टीमाडल कनेक्टिविटी का संगम है। वाणिज्यिक संचालन की शुरुआत क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने, आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और व्यापक क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए अवसर प्रदान करेगा।