Noida News : नोएडा एयरपोर्ट से सप्ताहभर में टिकट बुकिंग सेवा हो सकती है शुरू
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सप्ताहभर में विमानों की टिकट बुकिंग सेवा शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) ने एयरलाइंस से बातचीत शुरू कर दी है। वहीं, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) से एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (एएसपी) को मंजूरी मिलने के बाद अब उड़ानों का रास्ता पूरी तरह साफ हो चुका है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि बकास ने नोएडा एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (एएसपी) को मंजूरी दे दी है। यह उड़ानों के लिए अंतिम बाधा थी, जो अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है।
यह मंजूरी दिखाती है कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्था और प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार पूरी कर ली गई हैं। अब कंपनी एयरलाइंस और अन्य पार्टनर्स के साथ मिलकर उड़ानों की शुरुआत के लिए तारीख तय करेगी। पूरा ध्यान इस बात पर है कि सभी सिस्टम, प्रक्रियाएं और कर्मचारी पूरी तरह तैयार हों, ताकि एयरपोर्ट का संचालन सुरक्षित, सुचारु और बिना किसी परेशानी के शुरू किया जा सके। उम्मीद लगाई जा रही है कि एक सप्ताह के अंदर एयरपोर्ट से फ्लाइट टिकट बुकिंग सेवा शुरू कर दी जाएगी।
मई माह के अंत तक नोएडा एयरपोर्ट से 17 शहरों के लिए उड़ान शुरू होने की उम्मीद है। पहले सिर्फ घरेलू और कार्गो विमान उड़ेंगे। विमान सेवा शुरू करने के लिए यापल ने इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा के साथ साझेदारी की है। वहीं, टिकट बुकिंग सेवा शुरू होने के साथ ही शहरों की सूची के नाम का भी खुलासा कर दिया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक अगले एक सप्ताह में सभी प्रकार की बाधाओं को दूर कर फ्लाइट टिकट सेवा शुरू कर दी जाएगी।
नोएडा एयरपोर्ट के संचालन के लिए अब सभी प्रकार की आपत्तियां दूर की जा चुकी हैं। पिछले दिनों ही यापल ने विदेशी सीईओ की सबसे बड़ी आपत्ति का निस्तारण कर भारतीय सीईओ को नियुक्त किया था। यापल ने नीतू समरा को अंतरिम सीईओ नियुक्त करते हुए क्रिस्टोफ श्नेलमैन को निदेशक मंडल में कार्यकारी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके अलावा सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं को भी अब दूर किया जा चुका है। उड़ानों के लिए सभी प्रकार की मंजूरियां मिल चुकी हैं।
Noida International Airport News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए टैरिफ दरों को अंतिम रूप देने की तैयारी है। एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (ऐरा) ने हितधारकों (स्टेक होल्डर्स) के साथ बैठक कर ली है। नोएडा एयरपोर्ट के लिए एक एड-हॉक टैरिफ जारी किया था, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 210 से 980 तक यूजर डेवलपमेंट फीस (यूडीएफ) का सुझाव दिया गया था। जल्द ही इस पर भी निर्णय लिया जाएगा। यह शुल्क एक अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक पांच वर्षीय नियंत्रण अवधि के लिए लागू किया जा सकता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों शुभारंभ हो चुका है। यहां घरेलू और कार्गो टर्मिनल बनकर तैयार है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का काम जारी है। प्रथम चरण में एयरपोर्ट को 1334 हेक्टेयर में पूरा किया गया है। इसमें 3900 मीटर लंबा पहला रनवे, यात्री टर्मिनल, एटीसी, कार्गो हब शामिल है। यापल उड़ानें शुरू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है। मई के अंत तक उड़ान शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
Yamuna Expressway Industrial Development Authority News : यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी मिल गई है। अब चार सप्ताह में एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। अगले सप्ताह तक टिकट बुकिंग सेवा भी शुरू होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट संचालित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

