Noida News : बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार
Noida News : बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग के तीन बदमाशों को थाना बिसरख पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने दर्जनों लोगों के साथ ठगी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस उपायुक्त द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना बिसरख पुलिस ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी दिलवाने के नाम पर सीधे-साधे लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने वाले विकास डाबरपुर त्रिलोकी चंद निवासी जनपद हिसार हरियाणा उम्र 34 वर्ष, अरुण कुमार पुत्र ललन सिंह निवासी दिव्यापुर जनपद औरैया उम्र 28 वर्ष तथा वैभव कुमार पुत्र सुरेंद्र निवासी जनपद बुलंदशहर उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक सीपीयू, एक मानिटर, कीबोर्ड, एक माउस, 6 कूटरचित जॉब ऑफर लेटर( विभिन्न कंपनियों के) तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन और 7,600 रूपए नगद बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि बहू राष्ट्रीय कंपनी में काम करने के इच्छुक लोगों को ये लोग अपने जाल में फंसाते हैं, तथा इंटरव्यू आदि के नाम पर पैसा लेकर धोखाधड़ी करते हैं। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने दर्जन लोगों के साथ ठगी करनी स्वीकार की है।

