Noida News : पुलिस ने सात महीने में 930 लोगों को परिजनों को सौंपा

Noida News : गुमशुदा और अपहरण हुए लोगों की सकुशल बरामदगी के लिए कमिश्नरेट पुलिस की ओर से व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस ने बीते सात महीने में गुमशुदा और अपहरण किए गए 930 लोगों को तलाश कर परिजनों को सौंपा है। इसमें महिला, पुरुष, युवतियां, युवक, किशोर और किशोरियां शामिल हैं। लोगों ने सोशल मीडिया समेत अन्य जगहों पर पुलिस के सराहनीय पहल की प्रशंसा की है।
Noida News :
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बताया कि एक अक्टूबर 2023 से 30 अप्रैल 2024 तक गुमशुदा और अपहरण हुए लोगों की बरामदगी के लिए चलाए गए अभियान में 440 महिलाओं, 230 पुरुषों, 41 किशोर और किशोरियों और 215 युवतियों को तलाश कर उन्हें घर वापस लाया गया। ज्यादातर लोग परिवार के लोगों से नाराज होने के बाद घर छोड़कर चले गए थे। गुमशुदा और अपहरण हुए लोगों की सकुशल बरामदगी के लिए सभी थानों में टीम गठित है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए भी अलग से एक टीम गठित है। अपहरण के ज्यादातर मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।