Greater Noida News : नकली नोट छापने वाले गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार
Greater Noida News : थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस और स्वाट टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई के तहत भारतीय करेंसी के नकली नोट छापने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए इनके पास से 100 -100 रूपए कीमत के कुल 2,549 जाली नोट बरामद किया है। इनके पास से पुलिस ने नकली नोट छापने में प्रयुक्त होने वाला एक प्रिंटर, कटिंग मशीन तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार बरामद किया है।
अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस और स्वाट टीम ने एक सूचना के आधार पर मंगलवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सिरसा गोल चक्कर के पास से स्कॉर्पियो कार में सवार बंटी अत्री पुत्र रामपाल सिंह उम्र 23 वर्ष निवासी जनपद अलीगढ़, खुशदिल पुत्र तेजवीर निवासी चंडौस जनपद अलीगढ़ उम्र 21 वर्ष, उपेंद्र कुमार पुत्र योगेंद्र सिंह निवासी चंडौस जनपद अलीगढ़ उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने 100-100 रूपए के कुल 2549 नकली नोट ,जिसकी बाजार मे 2,54,900 रूपए मुल्य है बरामद किया है। उन्होंने बताया कि जाली नोट छापने में प्रयोग होने वाला एक प्रिंटर, एक कटिंग मशीन, एक स्कॉर्पियो कार तथा चार मोबाइल फोन इनके पास से बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी नकली नोट छापने के बाद उसके ऊपर केनरा बैंक की सील लगाकर लोगों को सप्लाई करते थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से खुफिया एजेंसी के अधिकारी भी पूछताछ कर रहे हैं।

