Noida News : नोएडा पुलिस ने विभिन्न जगहों से बीती रात को मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने लूटे हुए और चोरी किए हुए मोबाइल फोन, अवैध हथियार, घटना में प्रयुक्त वाहन और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली चारों बदमाशों के पैर में लगी है।
Noida News :
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 113 पुलिस आज तड़के एफएनजी कट के पास चैकिंग कर रही थी, तभी ककराला गांव की तरफ से एक व्यक्ति पैदल आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को चेकिंग करते हुए देखकर वह तेज कदमों से पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस ने जब उसे रूकने के लिए कहा तो वह झाड़ियां में जाकर छुप गया। पुलिस ने शक होने पर उसे घेर लिया। उक्त व्यक्ति ने पुलिस से अपने आपको घिरा हुआ देखकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली कुलदीप तिवारी पुत्र कैलाश नारायण निवासी नरेला दिल्ली उम्र 29 वर्ष के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अभियुक्त के पास से पुलिस ने विभिन्न जगहों से लूटे हुए पांच मोबाइल फोन, एक देसी तमंचा बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इस बदमाश ने लूटपाट की कई वारदातें करनी स्वीकार की है। बरामद मोबाइल फोन में से एक मोबाइल फोन उसने 25 दिसंबर को महागुन मॉडर्न सोसाइटी के पास से मुनीबा बेबी नामक महिला से लूट लिया था। इस मामले में महिला ने 5 जनवरी को थाने में शिकायत की थी।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस ने सोमवार की देर रात को एबीजी हाइट सोसाइटी के पास से एक मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस एबीजी हाइट सोसाइटी के सामने चेकिंग कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन बदमाश बिना रुके भागने लगे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब उन्हें घेर लिया तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली पंकज बैसला उर्फ बादशाह निवासी लोनी जनपद गाजियाबाद तथा फरमान पुत्र फिरोज निवासी लोनी जनपद गाजियाबाद के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक-एक देसी तमंचा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि दोनों बदमाश गैंगस्टर एक्ट के मामले में वाछत थे। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ पूर्व में लूटपाट, चोरी सहित आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इन बदमाशों ने एनसीआर में लूटपाट की कई वारदातें करनी स्वीकार की है।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना दनकौर पुलिस ने सोमवार की देर रात को पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि थाना दनकौर पुलिस सलारपुर अंडरपास के पास चैकिंग कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि शक होने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने की बजाय पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाता हुआ भागने लगा। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली मोहित उर्फ भीमा पुत्र सोमवीर के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, देसी तमंचा, कारतूस आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि यह बदमाश लोगों के घरों का ताला तोड़कर चोरी करता है। इसके खिलाफ पूर्व में चोरी, अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने, हत्या के प्रयास करने, गुंडा एक्ट, महिलाओं के साथ अश्लील हरकत करने सहित विभिन्न धाराओं में 16 मुकदमे दर्ज हैं।