Noida News : थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के सेक्टर-116 में रहने वाली 22 वर्षीय ईरानी युवती जीनत की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नहीं हो सकी है। बीते साल पांच जनवरी को युवती की चाकू से गोदकर हत्या उसके ही रिश्तेदार ने कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी दाउद उर्फ इमरान समेत चार आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से भारत से आरोपी ईरान वापस भाग गए हैं। आरोपी ईरानी गैंग के सक्रिय सदस्य थे तथा खुद को कपड़े का कारोबारी बताकर उन्होंने नोएडा में किराए पर मकान लिया था।
Noida News :
पुलिस के मुताबिक तेहरान (ईरान) निवासी परिवार के 12 से अधिक लोग सेक्टर-116 स्थित मकान के तीन फ्लोर पर अलग-अलग रहते थे। बीते साल पांच जनवरी को परिवार वालों में किसी बात पर झगड़ा हो गया था। इस दौरान बीचबचाव करने आई 22 वर्षीय युवती जीनत को उसके दूर के चाचा इमरान हाशमी ने रसोई में इस्तेमाल होने वाला चाकू मार दिया। चाकू उसके गर्दन पर लगा। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई थी। झगड़े में कई और लोग भी घायल हुए थे। इस मामले में युवती के पिता फिरोज ने महिलाओं समेत सात को नामजद करते हुए सेक्टर-113 थाने में केस दर्ज कराया था। वारदात के बाद मुख्य आरोपी दाउद फरार हो गया। अटकलें हैं कि फरारी के बाद कुछ दिन तक वह साथियों के साथ दिल्ली में रहा। मौका पाकर वह ईरान भाग गया। इस दौरान मुख्य आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी को लेकर नोएडा पुलिस की कई टीमें दबिश देती रहीं पर सफलता नहीं मिली। इस मामले में नोएडा पुलिस इंटरपोल के जरिये आरोपी तक पहुंचने की बात कह रही है। युवती की जिस समय हत्या हुई थी उसके दो महीने बाद ही उसकी तेहरान में शादी होने वाली थी। कई दिन बाद युवती के शव को ईरान ले जाया गया था।
जांच के दौरान बाद में पुलिस को पता चला कि युवती के पिता और आरोपी कुख्यात ईरानी गैंग के सक्रिय सदस्य थे। इन लोगो के खिलाफ दिल्ली और अन्य जगहों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। यह लोग खुद को पुलिसकर्मी और विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी बताकर ईरान और अन्य देशों से भारत में उपचार कराने आए लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे लूटपाट और ठगी करते हैं। घटना के कुछ दिन बाद जब दिल्ली पुलिस नोएडा आई तो नोएडा पुलिस को इस बात का पता चला कि आरोपी कपड़ा के व्यापारी नहीं ईरानी गैंग के सदस्य हैं। इसी बीच मृतिका के पिता भी गायब हो गया। बाद में पुलिस ने उसकी कुछ गाड़ियां और उसके घर से दस्तावेज बरामद किया, जिसे दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई।