Noida News : व्यापारी कल्याण दिवस पर अग्रसेन भवन में मनाई दानवीर भामाशाह की जयंती
Noida News : वैश्य समाज के संगठन और राजनीतिक अधिकारों पर वक्ताओं ने रखे विचार
सेक्टर-33 स्थित अग्रसेन भवन में दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वैश्य एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। कार्यक्रम में व्यापारियों की एकजुटता, सामाजिक सहभागिता और अधिकारों को लेकर विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट गौरव सिंघल ने किया। अध्यक्षता अग्रवाल मित्र मंडल के अध्यक्ष एवं सेक्टर-50 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव नवीन गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किसान नेता सुभाष भाटी, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल तथा अखिल भारतीय अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधाकृष्ण गर्ग सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि दीपक विग ने अपने संबोधन में समाज के सभी वर्गों की एकता पर बल देते हुए कहा कि वैश्य समाज को धन के साथ-साथ सत्य के धर्म का भी पालन करना होगा। उन्होंने समाज की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने दानवीर भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करता है, उसी प्रकार व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने वैश्य एवं व्यापारी वर्ग से जातीय सीमाओं से ऊपर उठकर एक मजबूत संगठन के रूप में कार्य करने तथा अपने राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने समाज के कमजोर एवं वंचित व्यापारियों को बराबरी का स्थान दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मूलचंद गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार दानवीर भामाशाह ने महाराणा प्रताप को सहयोग देकर संघर्ष के लिए प्रेरित किया था, उसी प्रकार आज वैश्य समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट गौरव सिंघल ने कहा कि सभी व्यापारी, चाहे उनका आर्थिक स्तर कोई भी हो, समाज के लिए समान महत्व रखते हैं और उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा।
इस अवसर पर सुनीता शारदा, शंभू पोखरियाल, रामनिवास बंसल, डीपी गोयल, सुधीर पोरवाल, राजेंद्र जैन, आलोक गुप्ता, विपिन अग्रवाल, नेत्रपाल बंसल, विकास बंसल, भूपेंद्र मित्तल, मुकेश गुप्ता, राधेश्याम गोयल, कुलदीप शर्मा, धर्मवीर चौहान, मनोज भाटी, संदीप चौहान, दाताराम यादव, दिनेश यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

