Noida News : मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल में प्रिपॉन्डरेंस ऑफ शक्ति का आयोजन

Oct 14, 2024 - 12:03
Noida News : मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल में प्रिपॉन्डरेंस ऑफ शक्ति का आयोजन

Noida News : सेक्टर-50 स्थित मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल में नवरात्रि के शुभ अवसर पर प्रिपॉन्डरेंस ऑफ शक्ति का आयोजन हर्षोल्लास तथा धूमधाम से किया गया। मां दुर्गा के नौ रूपों के माध्यम से नारी को अपनी शक्तियों को पहचानने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने अपनी अनूठी प्रस्तुतियों के माध्यम से बड़े ही सुन्दर ढंग से यह संदेश प्रस्तुत किया। उनके अभिनय और नृत्य को देखकर सभी मंत्रमुग्ध हो गए। मुख्य अतिथि के आगमन के साथ ही कार्यक्रम का शुभारंभ नौ देवियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। कार्यक्रम में निदेशिका संयोगिता शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर समारोह की शोभा बढ़ाई। इसके अतिरिक्त मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल गुरुग्राम तथा फरीदाबाद की प्रधानाचार्या भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहें। विद्यालय की प्रधानाचार्या निंदिया साकेत ने अतिथियों को उपहार भेंटकर उनका स्वागत किया।

Noida News : 

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण तथा समाज में जागृति लाने के लिए किये जाने वाले प्रयास काफी सराहनीय है। विद्यालय के कार्यकारी निदेशक लवकेश मग्गु ने अपने प्रेरक शब्दों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्द्धन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि जितना सम्मान, जितनी आस्था, हम माता की मूर्तियों में रखते है, उतना सम्मान यदि नारी शक्ति को, नारी को, कन्याओं को दिया जाए तो वास्तव में शक्ति स्वरूपा माँ की आराधना होगी। स्त्री स्वयं भी अपने भीतर मौजूद स्त्री शक्ति के सांकेतिक रूप काली, पार्वती और दुर्गा को पहचानने का प्रयास करे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नृत्य नाटिका प्रिपॉन्डरेंस ऑफ शक्ति रहा। जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य नाटिका को बड़ी खूबसूरती से शास्त्रीय नृत्य शैलियों में पिरोया गया था। साथ ही नाटिका ने दर्शकों को समाज में नारी की स्थिति और उन पर हो रहे अत्याचारों पर विचार करने पर विवश कर दिया। दुर्गा के इन स्त्री रूपों में नारी की इतनी महिमा होने के बावजूद आज समाज में न केवल स्त्री के साथ दुराचार हो रहा हैं, बल्कि कोख में भी स्त्री-भ्रूण की हत्या करने का महापाप हो रहा हैं।