Noida News : नोएडा श्रमिक हिंसक मामला: महिला आरोपियों की जमानत पर सुनवाई टली
Noida News : वेतन बढ़ाने को लेकर नोएडा में हुए श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार आकृति चौधरी और सृष्टि गुप्ता की जमानत पर सुनवाई बृहस्पतिवार को टल गई। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय में गुरुवार को दोनो की जमानत पर सुनवाई होनी थी। पुलिस की ओर से मामले में अदालत को अवगत कराया गया है कि आरोपियों के खिलाफ धाराओं में बढ़ोतरी की गई है। इस कारण अदालत ने अब जमानत पर सुनवाई के लिए सोमवार की तारीख दी है। आरोपी आकृति चौधरी के अधिवक्ता रजनीश यादव ने बताया कि मामले अगली सुनवाई 27 अप्रैल को होगी। वहीं फेज-2 कोतवाली क्षेत्र में दर्ज हिंसा और उपद्रव से जुड़े मामले में अदालत ने तीन महिला आरोपियों आकृति चौधरी, सृष्टि गुप्ता और मनीषा चौहान को न्यायालय ने पुलिस कस्टडी रिमांड दिया है।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि पुलिस शुक्रवार 9 बजे से 26 अप्रैल की शाम 6 बजे तक आरोपियों को जेल से लाकर पूछताछ करेगी। मामले में विवेचक की ओर से अदालत में याचिका लगाकर दलील दी गई थी कि अभी कई अहम साक्ष्य आने बाकी हैं। जिन्हें आरोपियों की निशानदेही पर ही प्राप्त किया जा सकता है। आरोपियों के मोबाइल फोन, डिजिटल चैट, सोशल मीडिया रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज इस केस की कड़ी जोड़ने में बेहद अहम हैं। रिमांड मिलने से पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाएगी। व्हाट्सएप ग्रुप, सोशल मीडिया नेटवर्क और अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस केस में एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था, जिसने आंदोलन को हिंसक रूप देने में भूमिका निभाई। रिमांड के दौरान इस नेटवर्क की परतें खोलने की कोशिश की जाएगी।

