Noida News : कांग्रेस सपा का गठबंधन, ठग बंधन है; गिरिराज

Sep 29, 2026 - 19:00
Noida News : कांग्रेस सपा का गठबंधन, ठग बंधन है; गिरिराज
कांग्रेस सपा का गठबंधन, ठग बंधन : गिरिराज सिंह

Noida News : गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लंबे समय तक सत्ता से बाहर रहने की स्थिति में देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। एसआईआर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद जिन लोगों के नाम छूट गए हैं या कट गए हैं, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम जुड़वाने का अवसर मिलता है, इसके बावजूद विपक्ष चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक रूप से विफल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन नहीं बल्कि उनके शब्दों में ‘ठगबंधन’ है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी अकेले चुनाव लड़ने का साहस नहीं कर सकते और सीटों के बंटवारे के लिए उन्हें सहयोगी दलों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने विपक्ष की राजनीति को लेकर युवाओं से देश के हित में सजग रहने का आह्वान भी किया। उन्होंने राहुल गांधी पर देश में हो रहे आर्थिक और औद्योगिक बदलावों को स्वीकार नहीं करने तथा विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश आज बुनियादी ढांचे, रक्षा उत्पादन, निर्यात, निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, लेकिन राहुल इन बदलावों को सकारात्मक रूप में देखने के बजाय सरकार की नीतियों पर ही उंगली उठा रहे हैं। 

गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि वह चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विषयों को राजनीतिक रंग देकर जनता के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश के युवाओं और उद्यमियों को विकास के अवसरों की आवश्यकता है और राजनीतिक दलों को भी विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक बहस करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक और सामरिक क्षमता में हो रहा विस्तार केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव उद्योग, रोजगार, निर्यात और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका पर पड़ रहा है।

गिरिराज सिंह ने कोरोना महामारी के दौरान वैक्सीन को लेकर विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब देश में कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा था, तब विपक्ष के कुछ नेताओं की ओर से वैक्सीन को लेकर सवाल उठाए गए और लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने वाले बयान दिए गए। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद देश ने बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया और कोरोना से निपटने के प्रयास किए। 

केंद्रीय मंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि अखिलेश यादव जैसे नेता खुद तो घर पर चुपचाप वैक्सीन लगवा रहे थे, जबकि आम जनता को भ्रमित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकार के प्रयासों पर सवाल उठाने के बजाय लोगों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों के आधार पर जागरूक करने की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि भारत ने वैक्सीन निर्माण और टीकाकरण के क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया तथा महामारी के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया।