Greater Noida News : बंद कमरे में मिला प्रेमी प्रेमिका का शव
Greater Noida News : थाना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव में एक बंद कमरे से प्रेमी-प्रेमिका के शव बृहस्पतिवार को बरामद हुआ है। कमरे से आ रही तेज बदबू ने इस सनसनीखेज घटना का खुलासा किया। पड़ोसियों को जब कई दिनों तक कमरे में कोई हलचल नजर नहीं आई और दुर्गंध बढ़ती गई, तो उन्होंने अनहोनी की आशंका जताते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना प्रभारी सर्वेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। कमरे के भीतर युवक और युवती के शव पड़े हुए थे। युवती का शव बेड पर मिला, जबकि युवक का शव फंदे से लटका हुआ था। शवों की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना को कई दिन बीत चुके थे, जिसके चलते बदबू आसपास फैलने लगी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के रहने वाले थे और तुगलपुर गांव में किराए के कमरे में रह रहे थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है।
उन्होने बताया कि मृतक युवक की पहचान गुड्डू उर्फ गोलू और युवती की पहचान ज्योति के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर आशंका है कि युवक ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या की और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं, ताकि घटना की हर पहलू से जांच की जा सके।

