Noida News : फुटपाथ पर लहूलुहान अवस्था में मिला व्यक्ति, मौत
Noida News : थाना फेस -3 क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गोल चक्कर के पास एक व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में पुलिस को सड़क के फुटपाथ पर मिला। उसे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार वह शराब के नशे में धुत्त था। इसी वजह से वह लड़खड़ाकर गिर तथा उसे चोट लगी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Police Station Phase 3 Noida News : थाना फेस -3 के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि गढी- चौखंडी गांव में रहने वाले रोहित पुत्र महिपाल उम्र 30 वर्ष शराब पीने के आदि थे। बीती रात को किसी बात को लेकर उनका उनकी पत्नी से विवाद हुआ। वह बाहर से अपने घर गए तो मकान मालिक ने कहा कि अपने कमरे में जाकर सो जाओ। उन्होंने बताया कि रोहित कमरे में सोने की बजाय गढी गोल चक्कर के पास चला गया। वह फुटपाथ पर चढ़ा इसी बीच शराब के नशे में होने की वजह से वह असंतुलित होकर नीचे गिर गया। इस घटना में उसके सिर में चोट लगी है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की सहायता से उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। बाद में उसकी पहचान हुई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि अगर परिवार के लोग इस मामले में कोई शिकायत करते हैं तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच करेगी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में यह दिखाई दे रहा है कि रोहित लड़खड़ाकर जमीन पर गिर रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

