Noida News : दो साल की मासूम बच्ची को अगवा कर हत्या करने वाले को आजीवन कारावास

Sep 10, 2026 - 23:39
Noida News : दो साल की मासूम बच्ची को अगवा कर हत्या करने वाले को आजीवन कारावास
Symbolic Image

Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर न्यायालय ने दो साल की बच्ची का अपहरण कर हत्या करने वाले आरोपी राघवेन्द्र सिंह उर्फ राघव को आज आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 70 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अर्थदंड जमा न करने की स्थिति में उसे छह माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

 डीसीजी अपराध ब्रह्मजीत सिंह भाटी ने बताया कि 7 अप्रैल 2023 को शिवकुमार की पत्नी मंजू अपनी दो साल की बेटी मानसी और सात माह के बेटे को घर पर छोड़कर बाजार गई थी। घर लौटने पर मानसी कमरे में नहीं मिली। अगले दिन शिवकुमार ने सूरजपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया।

परिवार गांव देवला में चरन सिंह के मकान में किराए पर रहता था, जहां आरोपी राघवेन्द्र भी कमरा नंबर-11 में अकेला रहता था। 9 अप्रैल को आरोपी के कमरे से दुर्गंध आने और दरवाजे के नीचे से खून रिसने की सूचना मिलने पर पुलिस ने ताला तोड़कर तलाशी ली। दरवाजे के पीछे टंगे एक बैग में मासूम मानसी का शव मिला। तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। 11 अप्रैल को पुलिस ने उसे गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया, जब वह अपने पैतृक गांव बलिया भागने की फिराक में था। पूछताछ में उसने रसोई की स्लैब के नीचे छिपाई खून से सनी शॉल बरामद कराई, जिससे बच्ची का मुंह बांधकर गला घोंटा गया था। फॉरेंसिक जांच में शॉल पर मानव रक्त की पुष्टि हुई।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण मुंह-नाक दबाकर और हाथ से गला दबाकर उत्पन्न श्वासावरोध बताया गया। यह मामला पूरी तरह परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर टिका था, क्योंकि किसी चश्मदीद ने हत्या होते नहीं देखा था। अभियोजन ने कुल 12 गवाह पेश किए। बचाव पक्ष की ओर से पेश आरोपी की पत्नी रेखा सिंह की गवाही को अदालत ने अविश्वसनीय मानकर खारिज कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नौकरी छूटने के बाद पैसों की तंगी में उसने पड़ोसी शिवकुमार के खाते में मौजूद 10-12 लाख रुपये की जानकारी मिलने पर बच्ची के अपहरण की साजिश रची थी। 10 लाख की फिरौती मांगने के इरादे से उसने मानसी को बंधक बनाया, लेकिन मामला तूल पकड़ता देख घबराहट में उसकी हत्या कर दी थी। अदालत ने केस की गंभीरता को देखते हुए दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई है।