Dadri News : चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, आरोपी फरार

Aug 24, 2026 - 19:54
Dadri News : चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, आरोपी फरार
Symbolic Image

Dadri News : थाना दादरी क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में रविवार देर रात को दो चचेरे भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। किराये के कमरे में साथ रह रहे 28 वर्षीय राजमिस्त्री शाहिद की कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चचेरा भाई इमरान मौके से फरार हो गया। मृतक के भाई की तहरीर पर इमरान के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि शाहिद मूलरूप से बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रमई गांव का रहने वाला था। वह अपने भाई अफरोज और चचेरे भाई इमरान के साथ रोजगार की तलाश में ग्रेटर नोएडा आया था। दोनों रामपुर फतेहपुर गांव में किराये के कमरे में रहकर राजमिस्त्री और मजदूरी का काम करते थे। शाहिद शादीशुदा था। उनके अनुसार रविवार की देर रात करीब 12 बजे शाहिद और इमरान कमरे में मौजूद थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद इमरान ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी उठाई और शाहिद की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण शाहिद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी इमरान रात में ही फरार हो गया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।