Noida News : नोएडा पुलिस ने 225 स्मार्टफोन बरामद कर मालिकों को किया सुपुर्द

Aug 24, 2026 - 20:10
Noida News : नोएडा पुलिस ने 225 स्मार्टफोन बरामद कर मालिकों को किया सुपुर्द

Noida News : नोएडा पुलिस ने लोगों के गुम हुए 225 स्मार्टफोन को बरामद कर असली मालिकों को सुपुर्द किया है। इससे उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई।

 अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि नोएडा जोन की सर्विलांस टीम और सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने इन मोबाइल फोन को देश के 10 से अधिक राज्यों से बरामद किया है। फोनों की बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये है। एडीसीपी ने बताया कि कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतें दर्ज थीं। पुलिस ने इन मोबाइल फोन को सर्विलांस के माध्यम से ट्रैक किया और सोमवार को उनके असली मालिकों को वापस लौटाया।

उन्होंने बताया कि इन मोबाइल फोन को बरामद करने के लिए पहले नोएडा के सभी थानों में दर्ज फोन चोरी की शिकायतों को खंगाला गया। इसके बाद इन फोन के ईएमआई नंबरों के जरिये इनकी लोकेशन ट्रैक की गई। 225 मोबाइल फोन पंजाब, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, झारंखड आदि राज्यों के अलग-अलग जिले में मिले। इसके बाद इन मोबाइल के उपयोगकर्ताओं से संपर्क किया गया और उन्हें बताया गया कि जो फोन वे उपयोग कर रहे हैं, वे चोरी के हैं। इसके बाद कई लोग कोरियर के माध्यम से तो कुछ लोग स्वयं आकर फोन वापस कर गए। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में, जिन लोगों ने फोन वापस करने से इनकार किया, उन्हें कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया गया और तब जाकर उन्होंने मोबाइल फोन लौटाए। बता दें कि गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में पूर्व में भी कई बार मिशन सहयोग के तहत 800 से अधिक मोबाइल फोन लोगों को वापस लौटाए जा चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।