Dadri News : चरित्र पर शक के चलते पति ने पत्नी की चाकू से गला काटकर की हत्या

Sep 21, 2025 - 12:00
Dadri News : चरित्र पर शक के चलते पति ने पत्नी की चाकू से गला काटकर की हत्या

Dadri News : थाना दादरी क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की आज तड़के चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसलिए उसने उसकी हत्या की है।

Police Station Dadri News : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि थाना दादरी क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में किराए पर रहने वाले सोनू शर्मा पुत्र बालकृष्ण शर्मा उम्र 36 वर्ष ने अपनी पत्नी चंचल शर्मा उम्र 28 वर्ष की चाकू से गला काटकर आज तड़के हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि सुबह को पुलिस को घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना दादरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिला के पति सोनू शर्मा को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला के हत्या के आरोपी पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के किसी और से अवैध संबंध थे। इस वजह से वह उसके चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर आरोपी की उसकी पत्नी से बहस हुई तथा उसने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मृतका की 8 वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। मृतका के परिजनों को सूचित किया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने बताया कि पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।