Ghaziabad News : पति के चरित्र पर महिला करती थी शक: दो वर्ष की बेटी सहित पंखे से फंदा लगाकर की आत्महत्या

Sep 26, 2026 - 10:12
Ghaziabad News : पति के चरित्र पर महिला करती थी शक: दो वर्ष की बेटी सहित पंखे से फंदा लगाकर की आत्महत्या
खोड़ा कॉलोनी में मां बेटी के फंदे से लटक कर आत्महत्या वाली खबर की फोटो

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में बीती रात को मां-बेटी का शव एक ही फंदे पर लटका मिला। घटना के समय महिला का पति घर से बाहर गया था। वह कुछ देर बाद घर लौटा तो पत्नी और 2 साल की बेटी को पंखे पर फंदे से लटका हुआ देखा। उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मां-बेटी के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। 

पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि मृतकों की पहचान खोड़ा कालोनी के शंकर विहार निवासी प्रीति (30) और 2 साल की बेटी अक्षिता के रूप में हुई। महिला पति के चरित्र पर शक करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। 

 

डीसीपी ने बताया कि जनपद हरदोई के रहने वाले अनिरुद्ध की शादी 2021 में जनपद उन्नाव की रहने वाली प्रीति से हुई थी। पिछले चार साल से दोनों गाजियाबाद के खोड़ा गांव के शंकर विहार कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे। अनिरुद्ध मैक्स हॉस्पिटल में काम करता है। हाल ही में परिवार राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करके लौटा था। घटना के समय अनिरुद्ध उर्फ सोनू पत्नी की दवा लेने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान प्रीति ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस को आशंका है कि महिला ने पहले बेटी की हत्या की। इसके बाद बच्ची को लेकर खुद भी फंदे से लटक गई।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान अनिरुद्ध ने पुलिस को बताया कि पत्नी मुझ पर शक करती थी। उसे लगता था कि मेरा दूसरी महिला से अफेयर है। कई बार रात में मोबाइल चलाने को लेकर भी उससे मेरा झगड़ा होता था। हम 24 सितंबर को ही मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करके लौटे थे। बीती रात को भी उसने मुझसे झगड़ा किया था।