Ghaziabad News : वायु सेना दिवस से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल
Ghaziabad News : भारतीय वायु सेना दिवस बृहस्पतिवार को अपना 94वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस बार वायु सेना अपना स्थापना दिवस अचूक, अभेद्य, सटीक थीम पर आयोजित कर रही है। आज हिंडन एयरफोर्स परिसर में जवानों का फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ। रिहर्सल की शुरुआत राष्ट्रीय गान से हुई। राष्ट्रगान के दौरान मैदान में ऊपर हेलीकॉप्टर ने तिरंगा लेकर उड़ान भरी जिसे नीचे खड़े जवानों ने सलामी दी। इस बार रिहर्सल का मुख्य आकर्षण ब्रह्मोस मिसाइल के साथ ही मैदान में थ्री नाॅट थ्री को लीड करती महिला जवान रही। कदम ताल मिलाते हुए हथियार से शत्रु पर निशाना साधती महिला जवानों की जुगलबंदी देखते ही बनी।
रिहर्सल के साथ ही प्रदर्शनी में कई लड़ाकू विमान लगाए गए हैं। इनमें पहली बार ब्रह्मोस को रखा गया है। ब्रह्मोस के साथ ही तेजस, सुखोई और प्रचंड भी प्रदर्शनी में शामिल किए गए हैं।
आठ अक्तूबर को फ्लाईपास्ट के साथ ही हेलीकॉप्टर हवा में करतब दिखाते नजर आएंगे। इस बार भारतीय वायु सेना का बड़ा कार्यक्रम वाराणसी में किया जा रहा है। एयरफोर्स के जन संपर्क अधिकारी ने बताया कि वायु सेना दिवस परेड में एयरचीफ मार्शल एपी सिंह परेड की सलामी लेंगे।

