Ghaziabad News : पुलिस मुठभेड़ के दौरान 10 हजार रुपए का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Oct 17, 2026 - 08:52
Ghaziabad News : पुलिस मुठभेड़ के दौरान 10 हजार रुपए का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार ईनामी लुटेरा और घटना की जानकारी देते पुलिस अधिकारियों की फोटो

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात को क्राइम ब्रांच और भोजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद 10 हजार रुपए के इनामी लुटेरे को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायाल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। आरोपी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर जुलाई माह में हुई लूट की वारदात में वांछित था।

सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शुक्रवार की रात को संयुक्त टीम किल्हौड़ा बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हापुड़ की तरफ से तेज रफ्तार में बाइक पर सवार होकर आ रहा एक युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसे घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने के नियत से गोली चलाई। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है।

 पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान 22 वर्षीय राज उर्फ राजेंद्र पांडे पुत्र अजय पांडे, निवासी न्यू कोंडली, थाना न्यू अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई। उनके अनुसार, आरोपी ने 28 जुलाई 2026 को भोजपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुई लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।इस मामले में भोजपुर थाने में धारा 309(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज है। वारदात के बाद से आरोपी फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसका इस्तेमाल आरोपी कर रहा था।

ACP Ghaziabad : एसीपी ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।