Greater Noida News : हिंडन नदी में दो युवकों के डूबकर मरने के मामले में नाविक परिवार पर मुकदमा दर्ज
Greater Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र के पुराना हैबतपुर गांव के पास एक सप्ताह पहले हिंडन नदी में डूबे दो युवकों के मामले में नाविक परिवार के खिलाफ आज लापरवाही से मौत कारित करने की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ है। नाविक पर एक मृतक युवक शिवा को 500 रुपये का लालच देकर नदी में कूदाने का आरोप लगा है। शिवा का नदी में अभी तक कोई पता नहीं चला है, जबकि उसे बचाने पानी में कूदे सौरभ का शव घटना के दो दिन बाद नदी से बरामद हुआ था। इस मामले में मृतक शिवा की बहन वंदना ने बिसरख कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाया है। वंदना ने पुलिस को बताया कि पांच सितंबर को उसका भाई शिवा अपने दोस्तों के साथ हिंडन नदी की तरफ गया था।
पुराना हैबतपुर के पास अमित हिंडन में नाव चलाकर लोगों को नदी पार कराने का काम करता है। अमित की पत्नी और बेटा भी नाव का संचालन करते हैं। अमित ने 500 रुपये का लालच देकर शिवा को नदी के दूसरे छोर पर रस्सी बांधने के लिए भेजा था। शिवा रस्सी बांधने के लिए नदी में उतरा था। एक तरफ से रस्सी अमित के बेटे ने पकड़ रखी थी। नदी में पानी का अधिक बहाव होने की वजह से रस्सी उसके हाथ से छूट गई और शिवा पानी में डूब गया। शिवा को बचाने के लिए सौरभ नदी में कूदा, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना के दूसरे दिन नदी से सौरभ का शव बरामद हुआ था, लेकिन शिवा का शव का अभी तक कोई पता नहीं चला है।वंदना का आरोप है कि नाविक अमित के परिवार की लापरवाही की वजह से शिवा और सौरभ की जान गई है। वंदना ने नदी में नाव चलाने के दौरान सुरक्षा इंतजाम की भी जांच की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कर नाव संचालन पर रोकने लगाने की मांग की है। बिसरख कोतवाली प्रभारी का रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आज मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है । नाविक और उसके परिवार पर लगाए गए आरोप की जांच की जा रही है।

