Noida News : प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत नौकरी पाने वाले कर्मचारियों की संख्या हुई चार लाख के पार
Noida News : नोएडा में दोबारा नौकरी पाने वाले लोगों की संख्या चार लाख के पार हो गई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अनुसार प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत इन कर्मचारियों का पंजीकरण किया गया है। इनमें से नए सृजित पद के आधार पर कंपनियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 तक की आर्थिक मदद और कंपनियों को प्रति नए कर्मचारी 3,000 प्रति माह तक का प्रोत्साहन दिया जाता है। पहली बार औपचारिक क्षेत्र में नौकरी पाने वाले एक लाख तक मासिक वेतन वाले युवाओं को राशि दो किस्तों में मिलती है।यह योजना एक अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच सृजित नौकरियों के लिए लागू है।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम नोएडा सुयश पांडे ने बताया कि पहली बार नौकरी पाने वाले जिन कर्मचारियों को छह माह पूरे हो चुके हैं, उन्हें पहली किस्त दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नोएडा की विभिन्न कंपनियों में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं की संख्या 1.50 लाख के आसपास पहुंच गई है। वहीं दोबारा नौकरी प्राप्त करने वाले लोगों की संख्या 4.78 लाख है। उन्होंने कहा कि लगभग 5900 कंपनियां इस योजना के तहत नोएडा में अभी तक पंजीकृत हुई हैं। हालांकि यह लक्ष्य 6500 से अधिक कंपनियों के पंजीकरण का है।

