Noida News : जेवर एयरपोर्ट पर पानी भरने की वीडियो निकली फर्जी, मुकदमा दर्ज
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव की भ्रामक वीडियो शेयर करने के मामले में जेवर पुलिस ने फेसबुक पेज सच बोलो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस जांच में वीडियो एआई जेनरेटेड पाया गया। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट के सुरक्षा इंचार्ज की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित चैनल के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। वहीं, वीडियो को अपलोड करने के पीछे उनकी क्या मंशा है, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। हालांकि अभी फेसबुक पेज संचालक के बारे में पुलिस को कोई जानकारी हाथ नहीं लगी है, लेकिन इस बारे में जांच पड़ताल जारी है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी जलभराव का वीडियो पूरी तरह से फर्जी बताया है।
Police Station Jewar News : थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट के सुरक्षा शिफ्ट इंचार्ज मयंक कुमार की ओर से थाना जेवर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है कि फेसबुक पेज सच बोलो पर बीते शुक्रवार को नोएडा एयरपोर्ट से संबंधित एक झूठी वीडियो अपलोड की गई। वीडियो के जरिए लोगों के सामने एयरपोर्ट की गलत छवि पेश की गई है और जलभराव का भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है। इससे लोगों के मन में भ्रम की स्थिति बन रही है और आम जन इससे गुमराह हो रहे हैं। इस शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि एयरपोर्ट पर जलभराव का फर्जी वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रबंधन लगातार सोशल मीडिया की निगरानी कर रहा है।जेवर थाना प्रभारी ने बताया कि एयरपोर्ट के सुरक्षा इंचार्ज की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एकाउंट को निरस्त करने के लिए भी मेटा से पत्राचार किया जाएगा, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।

