Greater Noida News : शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट करवाने के नाम पर 50 लाख की ठगी

Sep 11, 2026 - 13:59
Greater Noida News :  शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट करवाने के नाम पर 50 लाख की ठगी
Symbolic Image

Noida News : शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करवाने के नाम पर एक व्यक्ति से अज्ञात साइबर अपराधियों ने लाखों रुपए की ठगी कर ली। पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि ओमप्रकाश सैनी ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 110 स्थित लोटस पनाश सोसाइटी में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार 2 जुलाई वर्ष 2026 को उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट करने के बारे में जानकारी दी। जानकारी देने वालों की बातों में वह आ गए तथा ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट शुरू किया। पीड़ित के अनुसार उन्होंने जुलाई माह से 20 अगस्त तक साइबर अपराधियों द्वारा बताए गए विभिन्न खातों में 50 लाख 42 हजार 296 इन्वेस्ट कर दिया। उन्हें अपनी रकम एप पर बढ़ती हुई दिखाई दे रही थी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने टैक्स के रूप में और पैसे की मांग की, तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने बीती रात को घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि सुब्रत मंडल पुत्र शंभू नाथ मंडल ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह मलकपुर गांव में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार उन्होंने 25 मई 2025 को अपने प्रोविडेंट फंड से पैसा निकालने के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरा था, जिसकी रकम 3 जून वर्ष 2025 को उनके खाते में आ गई। पीड़ित के अनुसार 3 जून की रात को अज्ञात बदमाशों ने उनके खाते से 50 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिया। पीड़ित के अनुसार उनके पास एटीएम नहीं है। वह बैंक में यूपीआई का भी इस्तेमाल नहीं करते हैं। उनके आधार से लिंक मोबाइल नंबर अकाउंट से लिंक्ड नहीं है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित ने बीती रात को मामले की शिकायत पुलिस से की है घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।