Greater Noida News : होटल में ठहरे सिंगर को लगा करंट, मौत

Sep 10, 2026 - 22:20
Greater Noida News : होटल में ठहरे सिंगर को लगा करंट, मौत
Symbolic Image

Greater Noida News : थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित एक होटल में 11 हजार हाई वोल्ट की हाईटेंशन इलेक्ट्रिक लाइन की चपेट में आने से एक 25 वर्षीय प्रोफेशनल सिंगर की मौत हो गई। शख्स कॉरिडोर में खड़ा था तभी यह हादसा हुआ।

मृतक का नाम गौरव है और वह अपनी एक महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था। होटल की खिड़की से बाहर झांकने के दौरान शख्स हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा था और फिर कुछ ही सेकेंड में उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद मौके पर होटल स्टाफ पहुंचा और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

बतौर सिंगर काम करने वाले गौरव उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर निवासी थे। यह पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस होटल पहुंची और शव को कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में है कि युवक किन परिस्थितियों में करंट की चपेट में आया। बहरहाल होटल की खिड़की के पास से निकल रही हाईटेशंन इलेक्ट्रिक लाइन को लेकर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। थाना बादलपुर के प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अगर वे इस मामले में कोई शिकायत करेंगे तो पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच करेगी।