Noida News : लापरवाही बरतने पर पांच चौकी प्रभारी निलंबित, दर्जन भर पुलिस अधिकारियों की प्रारंभिक जांच शरू

Oct 29, 2026 - 16:40
Noida News : लापरवाही बरतने पर पांच चौकी प्रभारी निलंबित, दर्जन भर पुलिस अधिकारियों की प्रारंभिक जांच शरू
Police Commissioner Gautam Buddh Nagar

Noida News : जन शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं करने वाले और कार्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर पुलिस आयुक्त की गाज गिरी है। पांच चौकी प्रभारी निलंबित किए गए हैं जबकि दर्जनों चौकी प्रभारी ,थाना प्रभारी और सहायक पुलिस आयुक्तों की विभागीय जांच शुरू की गई।

 पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जनशिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा पुलिस कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 5 उपनिरीक्षकों चौकी प्रभारी मोरना उपनिरीक्षक अजित सिंह, चौकी प्रभारी सेक्टर-12/22 उपनिरीक्षक अक्षय प्रताप,चौकी प्रभारी आरआर साइट उपनिरीक्षक बिरजलाल, चौकी प्रभारी कस्बा सूरजपुर उपनिरीक्षक कपिल पांडे,चौकी प्रभारी कचहरी सूरजपुर उपनिरीक्षक अनिल कुमार के विरुद्ध जन शिकायतों के बढ़ने व प्राप्त शिकायतों को गंभीरता पूर्वक न सुनकर समुचित समाधान न करने व हीला-हवाली, असंतुष्ट फीडबैक अधिक संख्या में बढ़ने के कारण अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच प्रचलित की गई है।

उन्होने बताया कि इसके अतिरिक्त एसीपी-2 नोएडा, एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा, एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा, प्रभारी निरीक्षक थाना सेक्टर-113, प्रभारी निरीक्षक थाना बीटा-2, प्रभारी निरीक्षक थाना दादरी, चौकी प्रभारी ओखला , चौकी प्रभारी सेक्टर-98, चौकी प्रभारी सरस्वती इंक्लेव, चौकी प्रभारी कचहरी, चौकी प्रभारी कलौंदा, चौकी प्रभारी सिरसा, चौकी प्रभारी शाहबेरी/चिपियाना, प्रभारी हल्का-1 थाना दनकौर, प्रभारी हल्का-3 थाना इकोटेक-1 के विरुद्ध जन शिकायतों के बढ़ने व प्राप्त शिकायतों को गंभीरता पूर्वक न सुनकर समुचित समाधान न करने के कारण प्रारंभिक जांच संस्थित की गई है।

उन्होने बताया कि चौकी प्रभारी सदरपुर थाना सेक्टर-39, चौकी प्रभारी एनआईबी (थाना सेक्टर-58), चौकी प्रभारी झुण्डपुरा/गोलचक्कर (थाना फेस-1), चौकी प्रभारी ममूरा/गढी चौखण्डी (थाना फेस-3), चौकी प्रभारी एच ब्लाक/बहलोलपुर (थाना सेक्टर-63), चौकी प्रभारी गौर सिटी-1/2/निराला/चैरी काउण्टी (थाना बिसरख), चौकी प्रभारी एच्छर/अल्फा (थाना बीटा-2), चौकी प्रभारी कस्बा दादरी/रेलवे रोड़/अजायबपुर (थाना दादरी) व हल्का प्रभारी-2/3 (थाना नॉलेज पार्क) के विरुद्ध चोरी, गृह भेदन, वाहन चोरी, स्नैचिंग के अपराध की रोकथाम व सम्यक कार्यवाही न कर पाने के कारण कड़ी चेतावनी देते हुए प्रारंभिक जांच शुरू की गई है।उन्होने बताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होने कहा कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस जनसुनवाई, ऑनलाइन शिकायतों एवं नागरिकों से संबंधित प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है।