Noida News : घर में चोरी कर रहे बदमाशों ने महिला के बेटे पर किया घातक हमला, नाले में कूदे, गिरफ्तार
Noida News : थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के सेक्टर 22 में रहने वाले एक व्यक्ति के घर पर दो चोरों ने धावा बोलकर चोरी करनी शुरू कर दी। इसी बीच पीड़ित की पत्नी और बेटा मौके पर आ गए। चोरों ने उनके ऊपर हमला कर दिया तथा वहां से भागे। आसपास के लोगों ने जब उनका पीछा किया तो दोनों नाले में कूद गए। लोगों ने हिम्मत का परिचय देते हुए दोनों को पकड़ लिया। इनके पास से पीड़ित के घर से चोरी की गई नगदी, जेवरात आदि बरामद हुआ है।
SHO Police Station Sector 24; Noida News : थाना सेक्टर -24 के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने बताया कि आज सुबह को विकास कुमार पुत्र महिपाल निवासी सेक्टर 22 ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 28 अक्टूबर को वह काम से घर से बाहर गए थे। उनकी पत्नी श्रीमती पूनम देवी अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल गई थी। जब उनकी पत्नी स्कूल से बच्चे को लेकर शाम को लौटी तो उन्होंने देखा कि उनके घर के बाहर के दरवाजे पर एक युवक खड़ा है। उनको देखते ही वह वहां से हट गया। जब उनकी पत्नी घर के अंदर गई तो उन्होंने देखा कि उनके घर के दरवाजे की कुंडी कटी है, और घर का सामान बिखरा हुआ है। इसी बीच उनके घर के अंदर छुपा हुआ एक लड़का तेजी से बाहर की तरफ भागा। उनके बेटे ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने उसके ऊपर पेचकश से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
पीड़ित के अनुसार उनकी पत्नी ने शोर मचाया तो आसपास के रहने वाले विकास, अमित, विनय आदि ने बदमाशों का 200 मीटर तक पीछा किया। कुछ दूर भगाने के बाद बदमाश बड़े नाले में कूद गए। उन्होंने बताया कि कि शोर सुनकर काफी लोग मौके पर आ गए, तथा नाले में कूदे दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 48 हजार रुपए नगद,चांदी के जेवरात,उनकी पत्नी के आधार कार्ड आदि बरामद हुआ। पीड़ित के अनुसार उनकी पत्नी ने जब घर में चेक किया तो पता चला कि उनके घर से सोने की अंगूठी, चांदी के करीब 550 ग्राम के जेवरात, नगदी आदि चोरी हुआ है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अनिकेत और अलाउद्दीन नामक दो चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान इन्होंने पुलिस को बताया है कि वे लोग बंद पड़े घरों में चोरी की वारदात करते हैं।

