Noida News : शेयर मार्केट में इन्वेस्ट कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर फैक्ट्री मालिक से 48.7 लाख रुपए की ठगी
Noida News : थाना साइबर क्राइम में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह पैकेजिंग मैटेरियल की फैक्ट्री चलाते हैं। पीड़ित के अनुसार कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया तथा शेयर मार्केट में इन्वेस्ट कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर उनसे 48.7 लाख रुपए की ठगी कर ली। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि बीती रात को संतोष सिंह पुत्र लाल सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ग्रेटर नोएडा में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार वह एक पैकेजिंग मटेरियल बनाने वाली कंपनी चलाते हैं। उनकी कंपनी सूरजपुर इंडस्ट्रियल एरिया में है। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार उन्हें एक व्हाट्सएप द्वारा मैसेज मिला, जिसमें शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार 6 जुलाई वर्ष 2026 को उन्होंने शेयर मार्केट में पहली बार इन्वेस्ट किया। शुरुआत में उन्हें अच्छी खासी रकम फायदे के रूप में मिली।
उन्हें विश्वास हो गया कि यह कंपनी सही है। पीड़ित के अनुसार धीरे-धीरे उन्होंने 23 जुलाई तक शेयर ट्रेडिंग कंपनी में 48 लाख 70 हजार रुपए इन्वेस्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर उनकी रकम काफी बड़ी हुई दिखाई दे रही थी। उन्होंने बताया कि जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनसे संपर्क तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

