Noida News : "प्रेरणा विमर्श" के बहाने जेन-जी से बात कर सकते हैं सीएम योगी, जीबीयू में दो दिवसीय आयोजन कल से

Sep 18, 2026 - 19:52
Noida News : "प्रेरणा विमर्श" के बहाने जेन-जी से बात कर सकते हैं सीएम योगी, जीबीयू में दो दिवसीय आयोजन कल से

Noida News : गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में शनिवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ युवाओं से रूबरू होंगे। आयोजकों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दे दी है। गौतम बुद्ध नगर के पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिया है।

उनके साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारी भी प्रेरणा विमर्श के दूसरे दिन मौजूद रहेगे । आयोजन समिति के लोगों का कहना है कि ‘युवा स्वाभिमान’ की थीम पर होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जेन-जी के मुद्दों पर मंथन होना है। पिछले दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर सहित अन्य जगहों पर छात्रों के प्रदर्शन के बाद प्रदेश में योगी सरकार उनके मुद्दों को गंभीरता से ले रही है। इस आयोजन से यह संदेश देने का भी प्रयास हो सकता है कि आरएसएस और भाजपा युवाओं के साथ खुला संवाद करने के लिए इच्छुक हैं। युवाओं के मुद्दों को लेकर एक शपथ पत्र भी तैयार किया गया है, जिसे इसी कार्यक्रम में आम सहमति से पारित किए जाने की तैयारी है।

आयोजन जीबीयू के स्टेडियम में होगा। इसमें करीब 5 हजार युवाओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। आयोजकों का प्रयास है कि कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और स्टार्टअप प्रमोटर्स आदि भी इसमें शामिल हों। उम्मीद है कि कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री जीबीयू में रात्रि प्रवास करेंगे। यहां वह 25 सितंबर से शुरू होने वाले ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026’ की तैयारियों की समीक्षा कर सकते हैं। साथ ही अगले दिन आयोजन स्थल इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट का दौरा भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 

प्रेरणा मीडिया शोध संस्थान न्यास, प्रेरणा विमर्श आयोजन समिति और जीबीयू के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम की केंद्रीय थीम ‘उत्कर्ष: नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ है। इसमें नारी शक्ति, युवा सोच, तकनीक, मीडिया और राष्ट्र निर्माण जैसे मुद्दों पर देशभर के प्रबुद्धजन मंथन करेंगे। आयोजन की शुरुआत 19 सितंबर को दोपहर 3 बजे ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ’ से होगी। इसमें 108 हवन कुंडों पर एक हजार से अधिक महिलाएं यजमान के रूप में शामिल होंगी।