Noida News : वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारी ने खाया जहर, मौत
Noida News : थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के डी- ब्लॉक में स्थित एक एक्सपोर्ट गारमेंट की कंपनी में काम करने वाले व्यक्ति ने सल्फास की गोलियां खा ली। उपचार के लिए उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है की फैक्ट्री मालिक ने उसका वेतन नहीं दिया। जिसकी वजह से वह मानसिक तनाव में था। वह वेतन मांगने के लिए फैक्ट्री में आया था। उसके बाद उसने अपने परिजनों को सूचना दी की वेतन नहीं मिलने के चलते वह आत्महत्या कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Police Station Sector 63 Noida News : थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने बताया कि गाजियाबाद की सुदामापुरी में रहने वाले हुकुमचंद पुत्र कलू उम्र 45 वर्ष सेक्टर 63 के डी- ब्लॉक में स्थित है कंपनी में काम करते थे। यह कंपनी एक्सपोर्ट गारमेंट बनाती है। उन्होंने बताया कि हुकुमचंद का कंपनी के ऊपर वेतन बकाया था, वह वेतन मांगने के लिए अपने घर से आए थे। उन्होंने बताया कि जब हुकुमचंद कंपनी के प्रबंधन से मिले और उन्होंने अपना वेतन मांगा तो उन्होंने वेतन देने से इनकार कर दिया। इस बात से परेशान होकर हुकुमचंद ने कंपनी के पास स्थित पार्क में बैठकर सल्फास की गोलियां खा ली। उसने अपने परिजनों को मैसेज देकर बताया कि वेतन न मिलने के चलते उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि उसके परिजन भागते हुए फैक्ट्री के पास पहुंचे। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए नोएडा के सेक्टर 62 स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगर मृतक के परिजन इस मामले में कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच करेगी।

