Noida News : मिलावटी पेट्रोल एवं डीजल विक्रय करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
Noida News : उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल ने एक सूचना के आधार पर मैनपुरी जनपद से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग जनपद फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा तथा आसपास के जनपदों में बायोडीजल बेचने के नाम पर बिना संबंधित विभाग के अनुमति के फर्जी रूप से खोले गए पेट्रोल पंप पर नकली एवं मिलावटी डीजल बेचने का काम करते थे। ये लोग सीधे-साधे लोगों से पेट्रोल पंप खोलने के नाम पर लाखों रुपए की वसूली करते थे।
STF Noida Unit News : अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नोएडा यूनिट राजकुमार मिश्रा ने बताया कि एक सूचना के आधार पर एसटीएफ ने राधेश्याम यादव एवं अंकित यादव को कुरावली जनपद मैनपुरी से गिरफ्तार किया है। इनके द्वारा अवैध रूप से पेट्रोल पंप संचालित किया जा रहा था, जिसे सील किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सर्वप्रथम उन्होंने 2018 में दिल्ली के एक फर्जी पते पर अंचन पेट्रोलियम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की स्थापना की। इसके अतिरिक्त उनके द्वारा एक और कंपनी अंचन रिफायनरी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से भी कंपनी बनाई गई। अभियुक्त राधेश्याम द्वारा बनाई गई अंचन रिफायनरी प्राइवेट लिमिटेड ट्रेडिंग कंपनी के माध्यम से जनता के लोगों से धोखाधड़ी कर पेट्रोल पंप लगवाने के लिए फर्जी परमिशन एवं एलओआई इत्यादि दिया जा रहा था और लोगों से लाखों रुपए वसूल किया जाता था। उन्होंने बताया कि अभियुक्तो द्वारा अब तक जनपद कन्नौज , एटा, फिरोजाबाद, औरैया एवं मैनपुरी आदि के लगभग एक दर्जन लोगों को फर्जी पेट्रोल पंप लगाने हेतु परमिशन जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोग मिलावटी डीजल पेट्रोल बेचने का भी काम करते थे। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन, कूट रचित आधार कार्ड, डेबिट कार्ड, दो पैन कार्ड, 4,400 रूपए नगद, कई पेट्रोल पंप को खोलने हेतु जारी की जाने वाली एलओआई लेटर, अन्य दस्तावेज और अपमिश्रित 4000 लीटर पेट्रोल एवं 1000 लीटर डीजल आदि बरामद किया है।

