Noida News : बिजली के मीटर बनाने वाली कंपनी में लगी भयंकर आग, 30 से ज्यादा लोग हुए घायल, 17 आईसीयू में भर्ती
Noida News : थाना फेस- 1 क्षेत्र के सेक्टर- 4 में स्थित एक बिजली का मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में बृहस्पतिवार सुबह 5.30 पर भयंकर आग लग गई। आग की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 20 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना के समय फैक्ट्री में करीब ढाई सौ लोग काम कर रहे थे। आग के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। धुएं की चपेट में आने से कुछ लोग मूर्छित हो गए, जिन्हें आईसीयू में रखा गया है।
अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि फेस- वन थाना क्षेत्र के सेक्टर चार के बी ब्लॉक मे बिजली का मीटर बनाने वाली एक कंपनी है। उन्होंने बताया कि इस कंपनी में बृहस्पतिवार सुबह को अज्ञात कारण से भयंकर आग लग गई। उन्होंने बताया कि जब कंपनी में आग लगी तब नाइट शिफ्ट चल रही थी, तथा करीब ढाई सौ लोग काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है।
उन्होंने बताया कि आग लगने की वजह से कंपनी में काम करने वाले लोगो मे भगदड मच गई। इस घटना में रंजीत, पंकज, दिलीप यादव, राजेश कुमार, सागर कुमार झा, दीपू, जीतू, नीरज, प्रदीप, दिलीप, प्रवीण, आलोक, सुखबीर, उमेश ,अजीत, शिवनंदन, अमरजीत, रंजीत, मोहम्मद आलम, मुन्ना कुमार ,पलाश सरकार, सहित 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। 17 लोगों को आईसीयू में रखा गया है। आईसीयू में भर्ती ज्यादातर लोग धुएं में फंसने की वजह से मूर्छित हो गए थे। उन्हें रेसक्यू करके बाहर निकला गया। नोएडा के जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में अभी तक किसी की मौत की सूचना नहीं है। आग की कूल डाउन की प्रक्रिया जारी है। अपर आयुक्त ने बताया कि मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। स्थिति नियंत्रण में है।
उन्होंने बताया कि थाना फेस-2 क्षेत्र में स्थित एक अन्य कंपनी में आज सुबह को अज्ञात कारण से आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई जन हानि नहीं हुई है। आग पर काबू पा लिया गया है।

