Noida News : मोबाइल फोन के टावर पर चढ़कर कीमती उपकरण चोरी कर रहा बदमाश ऊपर से गिरा, उपचार के दौरान मौत
Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र के बिसरख गांव के ग्रीन बेल्ट में लगे मोबाइल फोन के टावर के ऊपर चढ़कर कीमती उपकरण आरआरयू चोरी कर रहा एक बदमाश असंतुलित होकर ऊपर से नीचे गिर गया। उसके साथी चोर ने उसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तलहा पुत्र नाजिम निवासी वेलकम कॉलोनी दिल्ली उम्र 20 वर्ष शुक्रवार की रात को बिसरख गांव के पास ग्रीन बेल्ट में लगे मोबाइल फोन के टावर पर चढ़कर कीमती उपकरण चोरी कर रहा था। उन्होंने बताया कि इसी बीच वह असंतुलित होकर ऊपर से नीचे गिर गया। उसके एक अन्य साथी जो कि उसके साथ चोरी करने आया था, उसने उसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां पर उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि भागे हुए बदमाश की पुलिस तलाश कर रही है।

