Greater Noida News : सिरफिरे युवक ने तीन लोगों के ऊपर चाकू से हमला कर खुद का गला काटा, गिरफ्तार

Jun 19, 2026 - 22:58
Greater Noida News : सिरफिरे युवक ने तीन लोगों के ऊपर चाकू से हमला कर खुद का गला काटा, गिरफ्तार
Symbolic Image

Greater Noida News : कुलेसरा गांव में रहने वाले सिरफिरे युवक ने शुक्रवार को दो बच्चों समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने चाकू से अपना गला काट लिया। हालांकि, सभी की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस का दावा है कि आरोपी दिमागी रूप से कमजोर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Police Station Ecotech 3 Greater Noida News : थाना ईकोटेक -3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि कुलेसरा गांव निवासी सोनू त्यागी ने बताया कि वह शुक्रवार को पुस्ता रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास से निकल रहे थे। इसी बीच संजय कुमार नामक युवक वहां पहुंचा और उसने अचानक चाकू से उनके गले पर वार कर दिया। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन इसी दौरान उसने उसी मकान में रहने वाले सात वर्षीय कीर्तिक और नौ वर्षीय मिलन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में कीर्तिक को चोटें आईं, मिलन के बाएं हाथ की उंगली में चाकू लगने से वह घायल हुआ। वारदात के बाद आरोपी संजय कुमार ने स्वयं अपने गले पर भी चाकू मार लिया, जिससे वह भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी कुलेसरा में अपने परिवार के साथ रह रहा है। फिलहाल वह घर में अकेला था। उसकी पत्नी और बच्चे मायके गए थे। आरोपी की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऐसा लगा कि उसके परिवार के सब लोग खत्म हो गए हैं। इसके बाद उसने कई लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद भी जान देने की कोशिश की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।