Greater Noida News : अज्ञात वाहन ने मारी बाइक में टक्कर, युवती की मौत, युवक घायल
Greater Noida News : थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई है, जबकि बाइक पर सवार उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Police Station Knowledge Park Greater Noida News : थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को मोहित कुमार निवासी दिल्ली ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 28 जुलाई की रात को उनकी बहन रिंकी सिंह पुत्री गुणवंत कुमार अपने दोस्त सूर्य प्रकाश शर्मा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर नोएडा से दिल्ली की तरफ जा रही थी। उनके अनुसार जीरो पॉइंट के पास अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। इस घटना में उनकी बहन रिंकी और सूर्य प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए शारदा हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां पर पीड़ित की बहन रिंकी सिंह की मौत हो गई। सूर्य प्रकाश की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

