Ghaziabad News : पत्नी के चरित्र पर था शक, पति ने चाकू से गोदकर मार डाला
Ghaziabad News : जनपद गाजियाबाद मे स्थित अंकुर विहार थाना क्षेत्र के डीएलएफ एमएम रोड के पास रहने वाले पेंटर घनश्याम ने अपनी पत्नी मीनू (50) की मंगलवार शाम करीब 3:00 बजे चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मां को बचाने आई छोटी बेटी हिमांशी पर भी पिता ने चाकू से वार कर दिया। आस-पास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बेटी को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली मीनू अपने पति घनश्याम, बड़ी बेटी भावना, छोटी बेटी हिमांशी और बेटे दिवांग के साथ अंकुर विहार थाना क्षेत्र के डीएलएफ एमएम रोड स्थित एक फ्लैट में रहती थी। अंकुर विहार एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से दोपहर करीब 3:30 बजे सूचना मिली कि घनश्याम ने अपनी पत्नी मीनू पर चाकू से हमले कर दिया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि मीनू और उसकी बेटी हिमांशी खून से लथपथ जमीन पर पड़े हुए थे। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उपचार के दौरान मीनू को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर हिमांशी को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद से घनश्याम मौके से फरार हो गया। घटना के दौरान मीनू की बड़ी बेटी जो दिल्ली के बुराड़ी में नौकरी करती है, वह काम पर गई हुई थी। घर पर छोटी बेटी हिमांशी और बेटा था। एसीपी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि घनश्याम अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसको लेकर दोनों में विवाद होता था। घनश्याम की गिरफ्तारी के बाद सही कारण का पता चलेगा। पुलिस की टीम घनश्याम की तलाश कर रही है।

